अनोखा तीर, हरदा। अग्रवाल समाज और सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान अग्रसेन और भगवान झूलेलाल के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर दोनों समाजों में आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर कलेक्टर को सौंपा और आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि क्रांति छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने 20 अक्टूबर को एक सार्वजनिक बयान में सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल के साथ-साथ अग्रवाल समाज के संस्थापक महाराजा अग्रसेन के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके अलावा उन्होंने महापुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर भी असंवेदनशील टिप्पणी की, जिससे धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। समाजजनों ने कहा कि यह बयान जानबूझकर धार्मिक वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने के उद्देश्य से दिया गया है। तत्संबंध में प्रशासन से मांग की गई कि ऐसे व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी धर्म और समाज के प्रतीकों का अपमान करने का साहस न कर सके।
अग्रवाल एवं सिंधी समाज ने अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सौंपा ज्ञापन

204 Views




