अनोखा तीर, मसनगांव। जल संसाधन विभाग द्वारा 3 नवंबर से नहरों में पानी छोड़े जाने की घोषणा के बाद विभाग ने युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। सोनतलाई सब डिवीजन में हेड से लेकर टेल क्षेत्र तक मजदूरों द्वारा नहरों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। पानी आने से पहले जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले की नहरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सोनतलाई सब डिवीजन की मुख्य शाखा पर पहुंचे, जहां कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेई और एसडीएम अशोक डेहरिया उपस्थित थे।
मुख्य शाखा से लेकर छोटी शाखाओं तक चल रही सफाई
जल संसाधन विभाग की ओर से झाड़ियां और जंगली घास निकालने के लिए मजदूरों से सफाई कराई जा रही है। गुरुवार को सुबह से ग्राम की 5 आर शाखा, 6 आर शाखा और मुख्य शाखा में लगभग 60 से अधिक मजदूर सफाई कार्य में जुटे रहे। एसडीओ रोहन विलियम्स ने बताया कि 3 नवंबर से नहर में पानी जुटना शुरू होगा। इसके पहले सभी शाखाओं की सफाई पूर्ण कर ली जाएगी। लाल माटी के पास जमा गाद को हटाने के लिए जेसीबी मशीन से कार्य कराया जाएगा, जिसके लिए पानी पूरी तरह सूखने का इंतजार किया जा रहा है।
जलकुंभी और गाद से बाधित होता है बहाव
सोनतलाई सब डिवीजन में गहाल हेड से नीचे डगावा लाल माटी क्षेत्र तक नहर की डिजाइन में गड़बड़ी के कारण हर साल 4 से 6 किलोमीटर लंबी जलकुंभी और गाद जमा हो जाती है। इससे पानी का बहाव रुक जाता है और रेलवे लाइन के नीचे बसे किसानों तक समय पर सिंचाई नहीं पहुंच पाती। नतीजतन फसलों की उत्पादकता प्रभावित होती है। पिछले वर्ष किसानों ने कार्यपालन यंत्री तथा तत्कालीन कलेक्टर आदित्य सिंह को आवेदन देकर इस समस्या के समाधान की मांग की थी, परंतु सुधार नहीं हो सका। इस वर्ष भी बारिश में नहर में गाद जमा हो जाने से परेशानी की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने जेसीबी मशीनों से जल्द सफाई की व्यवस्था की है।
तीन नवंबर से जुटेगा पानी, पांच तक पहुंचेगा हरदा
जल संसाधन विभाग द्वारा 3 नवंबर से जिले के लिए पानी छोड़ा जाएगा, जो 5 नवंबर तक नहरों में पहुंच जाएगा। सफाई कार्य के साथ किसान भी खेतों को तैयार कर रहे हैं। इस वर्ष अधिक वर्षा होने से खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे कई किसान बिना पलेवा के ही बोनी की तैयारी कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि रबी सीजन में गेहूं, चना, मक्का, सरसों, बटाना, चिया सीड्स और राजमा जैसी फसलों की बुवाई की जाएगी। मौसम साफ होते ही बुवाई का कार्य शुरू हो जाएगा। सोनतलाई सब डिवीजन के एसडीओ रोहन विलियम्स ने बताया कि जिले में किसानों की मांग के अनुरूप पानी की मांग की गई है। फिलहाल तवा डेम से 300 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जाएगा।
—————————-
Views Today: 2
Total Views: 324

