-6.88 लाख रुपये का मशरूका जप्त
अनोखा तीर, हरदा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हरदा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे लगभग 6 लाख 88 हजार 900 का मशरूका जप्त किया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) हरदा शालिनी परस्ते के नेतृत्व में थाना प्रभारी हंडिया एवं उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
दिनांक 28 अक्टूबर 25 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक सफेद रंग की होंडई आई-20 कार में खातेगांव की ओर से रिजगांव की तरफ जा रहे हैं और उनके पास अवैध मादक पदार्थ एम.डी. है। सूचना पर पुलिस टीम ने बागरूल हाईवे, हरदा-इंदौर रोड पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद बताई गई कार आती दिखी, जिसे रोककर पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सोनू पिता रमेश सेन, उम्र 25 वर्ष, निवासी रिजगांव
-नरेन्द्र पिता बलराम जाट, उम्र 32 वर्ष, निवासी रिजगांव
-महेन्द्र पिता बलराम जाट, उम्र 25 वर्ष, निवासी रिजगांव
मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री बरामद
तीनों आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 15 ग्राम एम.डी. (मादक पदार्थ) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार आंकी गई है। इसके अलावा, पुलिस ने 01 होंडई आई-20 कार, 03 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 6900/- नकद बरामद किए। बरामद मशरूका की कुल कीमत 6 लाख 88 हजार 900 बताई गई है।
कायम किया अपराध
आरोपियों के विरुद्ध थाना हंडिया में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की तथा कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
Views Today: 2
Total Views: 298

