नहरों की नहीं हुई सफाई, कैसे पहुंचेगा टेल तक पानी

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से निकली नहरों की सफाई इस बार अब तक नहीं हुई है। हर वर्ष मनरेगा के तहत नहरों की सफाई की जाती थी, लेकिन इस वर्ष अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। क्षेत्र में रबी सीजन के लिए जल्द ही तवा डैम से पानी छोड़ा जाना है, लेकिन नहरों में झाड़ियां और गाद भरी होने के कारण टेल तक पानी पहुंचाने में परेशानी आ सकती है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर नहरों की सफाई नहीं हुई तो उनकी बोनी प्रभावित होगी और फसल की बुआई में देरी हो जाएगी। क्षेत्र से निकलने वाली खिड़की माइनर और दूधकछ माइनर की सफाई भी अब तक शुरू नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि नहरों में झाड़ियां बढ़ने से पानी का बहाव रुकता है और कई बार पानी व्यर्थ चला जाता है। उन्होंने नहर विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था शुरू की जाए ताकि किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सके।

339 Views

Leave a Reply