21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

अनोखा तीर, हरदा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नया बस स्टैंड के पास शुक्रवार शाम को 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि इंद्रलोक कॉलोनी में राधारमण गौर के यहां रहने वाले युवक सचिंद्र, पिता महेश मण्डलेकर ने अपने कमरे में लगे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का बड़ा भाई जब गांव से हरदा आया और कमरे में पहुंचा, तो सचिंद्र फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। उसे फंदे से उतारने के बावजूद तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के बड़े भाई जितेंद्र ने बताया कि सचिंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पिछले सात महीनों से हरदा की इंद्रलोक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। वह व्ही 2 मॉल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था और शुक्रवार सुबह भी ड्यूटी पर गया था। करीब डेढ़ बजे लंच के लिए अपने रूम पर आया। परिवार और उसके ऑफिस के साथियों द्वारा लगातार कॉल किए जाने पर भी उसने फोन रिसीव नहीं किया। सहकर्मी बताते हैं कि सचिंद्र सुबह अपने काम पर आया था और सभी से हंसी-खुशी में लंच पर जाने की बात कही थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।

240 Views

Leave a Reply