उपयंत्री का 7 दिन, तो सब इंजीनियर का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश
कलेक्टर ने की ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरूवार को ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होने सभी उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के निर्धारित स्तर के साथ समय सीमा में पूर्ण करें। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ प्रवीण इवने, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा के साथ-साथ जनपद हरदा के सीईओ बलवान सिंह मवासे तथा टिमरनी की सीईओ सुश्री चेतना पटिल के अलावा कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा पुष्पराज सिंघादिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि 15 दिन के अंदर सभी कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने तीनों जनपद सीईओ को ग्रामीण क्षेत्र में अतिक्रमण मामलों में एसडीएम से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने तीनों जनपद सीईओ को हर सप्ताह अपने-अपने विकासखंड स्तर की निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उपयंत्री मन्नालाल जाधव को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र दिया। उन्होंने हरदा एवं खिरकिया के इंजिनियर अमित चौधरी एवं विवेक भारद्वाज द्वारा निर्माण कार्य की अपडेट जानकारी न बता पाने के पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कार्य में लापरवाही बरतने पर उपयंत्री भारद्वाज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। उन्होने बैठक में सब इंजीनियर संजय इवने द्वारा जानकारी न देने के कारण 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है। समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों की जानकारी न बताने के कारण जनपद सीईओ हरदा बलवंत सिंह मावासे एवं खिरकिया सीईओ प्रवीण इवने को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
हितग्राही चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतें
कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राही चयन के मामले में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति अभियान की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि रसोईयों का मानदेय समय पर भुगतान किया जाए तथा किचन शेड की रिपेयरिंग व सौन्दर्यीकरण के कार्य समय-समय पर कराये जाएं।
सभी जनपद पंचायत में ई-ऑफिस व्यवस्था प्रारंभ करें
बैठक मे कलेक्टर श्री सिंह ने सामाजिक सुरक्षा व वृद्धावस्था पेंशन योजना के हितग्राहियों का शत प्रतिशत ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए। उन्होने जनपद पंचायतों के सीईओ को अपने-अपने कार्यालय में ई-ऑफिस व्यवस्था शुरू करने के लिए भी कहा। बैठक में उन्होने सीएम हेल्प लाइन के तहत जनपद एवं जिला पंचायतों से संबंधित दर्ज शिकायतों के निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने तीनों सीईओ को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण ढंग से निराकरण किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह के सफल आयोजन के लिए तीनों जनपद सीईओ को शुभकामनाएं भी दी।

