Skip to content
Friday, 9 October 2026
मध्य प्रदेश हरदा

कमिश्नर ने दूरस्थ ग्रामों का दौरा कर सिंचाई व्यवस्था देखीं

2 min read

अनोखा तीर, हरदा। नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त केजी तिवारी ने गुरुवार को जिले की खिरकिया तहसील के दूरस्थ ग्राम पाहनपाट का दौरा कर किसान के खेतों तक जाकर नहरों से सिंचाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खंडवा जिले की सीमा पर स्थित पाहनपाट ग्राम के किसानों से चर्चा कर विद्युत आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह व संयुक्त आयुक्त जीसी दौहर भी मौजूद थे। पाहनपाट के किसान राहुल राजपूत ने कमिश्नर श्री तिवारी को बताया कि उसका खेत नहर के सबसे अंतिम छोर पर स्थित है, फिर भी उसके खेत तक सिंचाई के लिए नहर के माध्यम से पर्याप्त पानी आ रहा है। ग्राम पाहनपाट के किसानों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग की, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पाहनपाट ग्राम तक के लिये सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हो गया है। कुछ ही दिनों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अंतिम छोर के खेत तक नहर से पहुंचाएं पानी
कमिश्नर श्री तिवारी ने इससे पूर्व ग्राम छिदगांव मेल में नहर से सिंचाई व्यवस्था का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों तथा किसानों से चर्चा की। मसनगांव के किसानों ने कमिश्नर श्री तिवारी से अनुरोध किया कि उनके गांव को शहीद ईलाब सिंह सिंचाई परियोजना में शामिल किया जाए तो आसपास के गांवों के किसानों के खेतों की सिंचाई व्यवस्था सुधर जाएगी। कमिश्नर श्री तिवारी ने किसानों से विद्युत आपूर्ति और खाद की उपलब्धता के संबंध में भी पूछताछ की। उन्होने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ओसरा बंदी लागू कर ऐलान क्षेत्र के सभी किसानो के खेतों तक सिंचाई के लिलए नहर के माध्यम से पानी पहुँचाने की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता नर्मदापुरम संभाग आर.आर. मीणा, एसडीएम अशोक डेहरिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन डी.के. सिंह एवं कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेयी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। कमिश्नर श्री तिवारी ने ग्राम बारंगी में भी किसानों से चर्चा की। किसानों ने बताया कि उन्होने गेहूं और चने की फसल बोई है। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है। आगे भी इसी तरह कुछ दिन और पानी मिल जाएगा तो फसल बहुत अच्छी होगी।

97 Views

Leave a Reply