Skip to content
Thursday, 15 October 2026
हरदा

समाज के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलेगी मदद

3 min read
Text Size:


अनोखा तीर, हरदा। ऐसे छात्र जिनमें अध्ययन के प्रति ललक तो है, पर किसी मजबूरीवश वह अपने अध्ययन में अड़चनें महसूस करते हैं। साथ ही शिक्षा ग्रहण कर स्वयं को ऊंचाइयों पर देखने हेतु संकल्पित ऐसे विद्यार्थियों को ब्राह्मण समाज वेलफेयर सोसाइटी का शिक्षा प्रभाग हर संभव मदद करेगा। यह बात ब्राह्मण समाज हरदा द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं ब्राह्मण समाज शिक्षा प्रभाग सदस्य अनिल अग्निहोत्री ने कही। जानकारी देते हुए सचिव उदय बेलापुरकर ने बताया कि स्थानीय बाबीसा ब्राह्मण समाज धर्मशाला में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर ब्राह्मण समाज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों हेतु शिक्षा प्रभाग समिति का गठन कर सहायता हेतु विधान का अनुमोदन एवं विमोचन किया गया। समिति द्वारा बनाए गए विधान का वाचन समिति के एलएन पाराशर ने किया। उन्होंने वहां उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अतिथियों को इस विधान के बारे में संपूर्ण जानकारी देते हुए समिति के द्वारा विद्यार्थियों को जिस प्रकार से सहायता की जानी है, इससे अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों हेतु बनाए गए शिक्षा प्रभाग का गठन कर विधान का निर्माण किया गया है, जिसकी कार्य योजना बन चुकी है। उन्होंने शिक्षा पर भाग के कार्य बताते हुए कहा कि एक वर्ष में दो बार आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे, आवेदन समिति द्वारा निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराया जाएगा। निश्चित अवधि के उपरांत सभी प्राप्त आवेदनों का चयन समिति द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रकल्प दानदाताओं द्वारा प्रदत्त राशि से संचालित होगा। गठित समिति, आवेदनकर्ता एवं स्कूल कॉलेज संस्थान से प्रत्येक 3 माह में प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगेगा, जिसके आधार पर चयन एवं आगामी कार्रवाई की जाएगी। आवेदनकर्ता का नाम एवं दानदाता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु शिक्षा विषय के शिक्षक भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बालिका वर्ग को विशेष रूप से प्राथमिकता दी जाएगी। जिले से बाहर अध्ययन हेतु सहायता मांगे जाने पर समिति बैठक में आवेदनकर्ता के पूर्व परिणाम एवं अन्य नियमों पर चर्चा कर निर्णय लेगी। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद या अन्य किसी भी विधा में विद्यार्थी की रुचि होने पर संस्था को अवगत कराया जाए तो समिति उसे क्षेत्र में भी सहायता उपलब्ध कराएगी। श्री पाराशर ने सभी उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं से इस भागीरथी प्रयास में अपने योगदान हेतु आग्रह किया एवं ब्राह्मण समाज के छात्र-छात्राओं को अध्ययन में आने वाली दिक्कतों, परेशानियां को दूर करने हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम में प्राचार्य बृजेंद्र शर्मा, पूर्व प्राचार्य बीपी तिवारी ने भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को सही मदद पहुंचे इस कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने ब्राह्मण समाज वेलफेयर सोसाइटी के इस कार्य को विद्यार्थियों के भविष्य हेतु एक सुनहरा अवसर बताया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज अध्यक्ष रजनीश शर्मा, ओमप्रकाश पाराशर, प्रवीण काशिव, अशोक नेगी, कैलाश चतुर्वेदी, राकेश जोशी, देवेश शर्मा, प्रफुल्ल दुबे, अरुण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। आभार महिलाविंग सचिव श्रीमती प्रीति गुहा में व्यक्त किया।

138 Views
What do you think?

Leave a Reply