जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में होगा रंग-रोगन का कार्य  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों के जिला स्तरीय, विकासखण्ड स्तरीय व ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यालय भवनों की रंगाई, पुताई व साफ-सफाई का कार्य इस माह में अनिवार्य रूप से करा लें। उन्होने सभी कार्यालय भवनों में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत नियुक्त लोक सूचना अधिकारी का नाम व फोन नम्बर अंकित कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने कार्यालय परिसरों में स्थान की उपलब्धता के अनुसार पौधरोपण भी करें और उन पौधों के पालन पोषण की चिंता भी करें।

पेयजल व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम बनाए

कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता के लिए अभी से कार्य करें। उन्होंने जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर पेयजल व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।

शराब व रेत के अवैध परिवहन पर लगाएं रोक

कलेक्टर श्री सिंह ने जिला आबकारी अधिकारी व जिला खनिज अधिकारी को रेत व शराब के अवैध परिवहन को रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के लिए कहा तथा रेत व शराब के अवैध परिवहन में शामिल वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए राजसात करने के निर्देश दिए।

खाद्य पदार्थों की सैम्पलिंग करें

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित रूप से सेम्पलिंग करें तथा जांच के दिए प्रयोगशाला भिजवाएं। अमानक व अपमिश्रित पाए गए सैम्पल के मामले में नियमानुसार कार्यवाही करें।

Views Today: 2

Total Views: 232

Leave a Reply

error: Content is protected !!