Skip to content
Saturday, 17 October 2026
देश मध्य प्रदेश सुर्खियाँ हरदा

हरदा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा

3 min read
Text Size:

कलेक्टर और एसपी पर गिरी गाज

अनोखा तीर, हरदा। पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद सीएम मोहन यादव के पहुंचने से पूर्व प्रशासन ने बुधवार दोपहर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। 217 लोग घायल हो गए, इनमें फैक्ट्री के 51 मजदूर शामिल हैं। 184 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। सीएम ने कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई करेंगे कि लोग याद रखेंगे। उनके इस बयान के कुछ ही घंटे बाद हरदा एसपी संजीव कुमार कंचन को हटा दिया गया। सीएम यादव घटना स्थल पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी ली।

हरदा कलेक्टर और एसपी पर गिरी गाज

हादसे के करीब 31 घंटे बाद एसपी संजीव कुमार कंचन को हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं देर रात को कलेक्टर को भी हटाकर उनकी जगह मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिपं रोहित सिसोनिया को अतिरिक्त कलेक्टर का प्रभार दिया है। मुख्यमंत्री ने पहले ही यह संकेत दे दिए थे कि जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।

रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ पूरा

नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो चुका है। 184 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इस घटना में 11 लोगों की मौत हुई है। एक महिला मिसिंग रिपोर्ट हुई है। वहीं 11 में से एक डेड बॉडी ऐसी महिला की है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका है कि वो उसी की हो सकती है। कमिश्नर ने बताया कि मलबा हटाया गया है। यह बहुत गर्म था। जिस पर 32 फायर ब्रिगेड वाहनों से पानी थ्रो किया गया। करीब 12 पोकलेन मशीन की मदद से उसे हटाया गया है। छतों के कांक्रीट को तोड़कर क्लीयर किया गया है। करीब एक हजार कर्मचारी इस काम में जुटे थे।

नाराज लोगों ने किया चक्काजाम

सीएम डॉ. यादव हरदा पहुंचे तो लोगों ने उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। जिसके बाद नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया और अपना गुस्सा जाहिर किया। वह हरदा-खंडवा मार्ग पर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि रहटा में स्थित दोनों फैक्ट्रियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया जाए। आरोपियों को फांसी दी जाए और इस मामले को प्रशासन दबाने का प्रयास कर रहा है, उसकी जांच उच्च एजेंसी से कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

फैक्ट्री मालिकों को भेजा जेल

मामले में फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल और सोमेश अग्रवाल के साथ रफीक खान को सिवनी मालवा पुलिस थाने में रखा गया था। आज उन्हें हरदा लाया गया, जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें कोर्ट में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस ने इन्हें मंगलवार की रात राजगढ़ जिले के सारंगपुर से गिरफ्तार किया था।

दोषी कांग्रेस के पदाधिकारी और विधायक : कमल पटेल

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने आज पत्रकारों के समक्ष एक फोटो जारी कांग्रेस विधायक डॉ.आरके दोगने का सीधा संबंध पटाखा व्यावसाईयों से बताया। उन्होंने कहा कि हमने दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस हम पर आरोप लगा रही है। हमारा दोषियों से कोई वास्ता नहीं है। ये कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। मुन्ना पटेल पार्षद है, पीपलपानी की फैक्ट्री में उनका पार्टनर भाई है। इन्होंने चुनाव में उनका काम किया, तो हमारे कैसे हो सकते हैं। हमने तो पहले इन पर एफआईआर दर्ज करवाई थी। फैक्ट्री सील करवाई थी। इनके लाइसेंस निरस्त करवाए। इनको 10-10 साल की सजा हुई।

385 Views
What do you think?

Leave a Reply