कार्यकर्ताओं में भरा जोश …देश की जनता ने चारों तरफ खिलाया कमल  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने की सभा, राजनाथ बोले ….

 मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की दोनों सीट पर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी ताकत झोंक रखी है। इसी कड़ी में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की सभाओं का दौर जारी है। एक दिन पहले जहां कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के सिराली में विशाल जनसभा को संबोधित कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया। साथ ही भाजपा पर जमकर जुबानी तीर छोड़े हैं। वहीं अगले दिन यानि मंगलवार को मुख्यालय स्थित परशुराम चौक पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता एवं केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां विशाल जनसमुदाय को संबोधित किया है। इस दौरान श्री सिंह ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है।

अनोखा तीर, हरदा। वर्ष २०१४ में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद से देशभर में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, वहीं विश्व स्तरीय एक अन्य एजेंसी की रिपोर्ट अनुसार करीब 40 करोड़ लोग अति गरीबी से ऊपर आए हैं। ये सब भारत सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते संभव हुआ है। यह बात स्थानीय परशुराम चौक पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता एवं केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कही। श्री सिंह यहां भाजपा प्रत्याशी कमल पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री को सुनने के लिये बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता की खासी भीड़ रही। श्री सिंह ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार की गूंज आज तलक जनता के जहन में है। वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार के ९ साल का कार्यकाल जनता के सामने है। जहां , एक भी मामले में सरकार की संलिप्ता साबित नही हुई है। यही भारतीय जनता पार्टी का प्रमुख ध्येय रहा है। उन्होंनें कहा कि भ्रष्टाचार कोई भाषणों से खत्म नही होता है। ये सब सिस्टम में बदलाव से संभव है। जिस पर केन्द्र सरकार पूरी तरह गंभीर है। वहीं जनमत के बल पर ऐसी ताकतों को संवैधानिक व्यवस्थाओं से दूर रखने के प्रयास जारी है, जो देश को खोकला करने में संकोच नही करते हैं। उन्होंनें अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लिए परिवार अथवा व्यक्तित्व नही बल्कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा ने देश से कभी भी कुछ नही छिपाया है। सभा में श्री सिंह ने कांग्रेस को जहां भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जमकर घेरा। वहीं हर एक वर्ग के उत्थान की दिशा में भाजपा के प्रयासों का गुणगान किया। केन्द्रीय योजनाएं भी गिनाई। साथ ही केन्द्र सरकार के महत्वपूर्ण फैसलें धारा ३७०, राम मंदिर निर्माण एवं तीन तलाक पर कानून जैसे निर्णयों का जिक्र कर कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा। वहीं अपने संबोधन में मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की प्रशंसा की। कहा कि प्रदेश के माथे से बीमारू राज्य का तमका मिटाने के लिए यहां तेजी से विकास कार्य हुए हैं। जिसके चलते गांव, गरीब, मजदूर एवं किसान परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। किसानों को केन्द्र सरकार से मिल रही किसान सम्मान निधि के तर्ज पर शिवराज सरकार भी सम्मान निधि प्रदान कर रही है, जो किसानों के लिए आर्थिक संबल है। डबल इंजन की सरकार ने आवास योजना को नया आयाम दिया है। जिससे गरीब परिवारों के पक्के मकान का स्वप्न पूरा हुआ है।

सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा

श्री सिंह ने अंत में लाड़ली बहना योजना को लेकर कहा कि इस कदम से महिलाओं का सरकार के प्रति विश्वास ओर बढ़ा है। ये सहायता बहन-बेटियां अपने छोटे-मोटे काम आसानी से पूरे कर रही हैं। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा ने स्वागत भाषण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ जुटने की बात कही। सभा का संचालन महामंत्री देवीसिंह सांखला ने किया।

सभा में इनकी रही उपस्थिति

आयोजित सभा में चुनाव संचालक एवं पूर्व जिपं अध्यक्ष गौरीशंकर मुकाती, जिपं अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, पूर्व जिपं अध्यक्ष कोमल पटेल, उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोद, पूर्व विधायक मनोहरलाल राठौर, नपाध्यक्ष भारती कमेडिया, दुर्गाबाई मौर्य, युवा नेता संदीप पटेल, डॉ श्रीरंग मुजुमदार, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोहरलाल शर्मा, अनिता अग्रवाल मनील शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व नेता मंचासीन रहे।

 

ओह… तो समझो पूरा पट्टा साफ

सभा दौरान जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस को आड़े हाथों ले रहे थे, तभी मंच से किसी ने कह दिया कि राहुल गांधी कल यहां आए थे। जिस पर श्री सिंह ने अचरज भरे लहजे में कहा ओह… तो समझो पूरा पट्टा साफ है। श्री सिंह ने आगे कहा कि जनता कांग्रेस से गले-गले भरी है। केन्द्र व राज्य दोनों जगह उनका शासन देख चुकी है। यही कारण है कि कांग्रेस से त्रस्त हो चुकी जनता का भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है। भाजपा की सर्वहितैषी नीतियों के चलते देश की जनता ने चंहुओर कमल खिलाया है।

Views Today: 2

Total Views: 178

Leave a Reply

error: Content is protected !!