विश्व हृदय दिवस विशेष… नन्हे अभिजीत के हृदय रोग का सर्जरी से हुआ निदान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। जिले के समस्त ब्लाकों में बेहतर जनस्वास्थ्य की दिशा में आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का क्रम जारी है। जिसके माध्यम से सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। इसकी मुख्य वजह शिविर में चिकित्सकों की मौजूदगी में त्वरित इलाज किया जा रहा है। वहीं गंभीर मामलों में संबंधित मरीजों को उचित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। जब, स्वास्थ्य विभाग की तत्परता एवं मानवीय दृष्टिकोण देखने को मिला। दरअसल, हाल ही में जिले के खिरकिया तहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ था। जहां करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम चारूवा में रहने वाले देवीसिह कलम अपने 14 महिने के बेटे की जांचके लिये पहुंचा था। जांच दौरान ह्दय से संबंधित गंभीर समस्या सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, स्वास्थ्य महकमे ने मामले में संवेदनशील रूख इख्तियार कर 14 वर्षीय अभिजीत का संपूर्ण इलाज करा दिया है। अब अभिजीत पूरी तरह स्वस्थ है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिह ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि खिरकिया में आयोजित आयुष्मान शिविर में चारूवा से आए दम्पत्ति अपने नन्हें बेटे अभिजीत के स्वास्थ्य को लेकर बहुत चिंतित थे। क्योंकि, अभिजीत बाल अवस्था में गंभीर हद्य रोग से पीड़ित पाया गया। उसकी समस्त जांचे आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष करोंदे ने की। तत्पश्चात डॉ आशुतोष करोंदे ने प्रभारी जिला समन्वयक आशीष साकल्ले को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके तुरंत बाद स्वास्थ्य अमले ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत बच्चें के इलाज की रूपरेखा तैयार करना शुरू किया। परिणामस्वरूप तय हुआ कि गुजरात के अहमदाबाद स्थित सत्यसांई हॉस्पिटल में अभिजीत की निशुल्क सर्जरी कराई जाएगी।

 

समझाइश के बाद मानें माता-पिता

इन सब तैयारियों के बीच बच्चें के माता-पिता ने गुजरात दूर होने के कारण वहां जाने में असमर्थता भी जताई। परंतु स्वास्थ्य अधिकारियों की समझाइश तथा इलाज की आवश्यकता पर जोर दिया गया। तब कहीं वे अहमदाबाद जाने के लिये राजी हुए। सीएमएचओ डॉ सिंह ने बताया कि अहमदाबाद के सत्य सांई अस्पताल में 29 सितम्बर को विश्व हृदय दिवस के मौके पर अभिजीत की सर्जरी सफलता पूर्वक संपन्न हो चुकी है।

 

जिस विश्वास से पहुंचे, वह सार्थक  

सीएमएचओ डॉ सिंह ने यह भी बताया कि बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है। वहीं उसके माता-पिता चिंता के भंवर से बाहर दिखाई दे रहे हैं। देवीसिह कलम तथा पत्नी आरती कलम ने आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर को एक बड़ा सहारा बताया है। साथ ही शिविर में शामिल समस्त स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारियों का धन्यवाद भी ज्ञापित किया है। इस मौके उन्होंनें कहा कि जिस विश्वास के साथ शिविर में पहुंचे थे, वह सार्थक हुआ।

Views Today: 2

Total Views: 64

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!