अनोखा तीर, हरदा/रहटगांव। बचपन से ही बेटी और बहनों के प्रति संवेदनशील रहने वाले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने १६ वर्ष पूर्व जब मध्यप्रदेश सत्ता की कमान अपने हाथों में ली थी, तो उन्होंने बेटियों के प्रति अन्याय रोकने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। गरीब कन्याओं के विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चलाई। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन ने बेटियों को अभिशाप से वरदान बना दिया। अब मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार की बहनों को सामाजिक आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए गहन चिंतन के बाद मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को अमलीजामा पहनाया है। अपनी इन लाड़ली बहनों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जागरुक करने के लिए आज बुधवार १९ अपै्रल को मुख्यमंत्री रहटगांव में स्थित एकलव्य विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करने आएंगे। आयोजित इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, कृषि मंत्री कमल पटेल, क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उईके, विधायक संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह व जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा भी उपस्थित रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल से दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रहटगांव आएंगे। रहटगांव में मुख्यमंत्री श्री चौहान लाड़ली बहना हितग्राही सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर दोपहर 2:30 बजे रहटगांव से हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान इस अवसर पर 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे, जिनकी कुल लागत 99.63 करोड़ रुपए है। इसके अलावा मुख्यमंत्री 5 कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे, जिनकी कुल लागत 3.11 करोड़ रुपए है।
इन कार्यों का होगा लोकार्पण
शासकीय बालक हायर सेकेण्ड्री स्कूल सिराली कुल लागत 1 करोड़ रुपए, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भवन टिमरनी लागत 1.15 करोड़ रुपए, चौकड़ी से लोधियाखेड़ी मार्ग कुल लागत 65.48 लाख, सोडलपुर से हंसावती नदी पर पेड़ीघाट निर्माण कार्य लागत 20 लाख तथा गोंदागांव खुर्द से त्रिवेणी संगम के पास मुक्तिधाम निर्माण लागत 10 लाख रुपए शामिल है।
इन कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री चौहान जिन 9 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर शुभारम्भ करेंगे, उनमें मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक खिरकिया लागत 27.55 लाख, ग्राम चारूवा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय आवास गृहों के लागत 3.06 करोड़, ग्राम धनवाड़ा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय आवास गृहों के लागत 3.06 करोड़, ग्राम मगरधा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय आवास गृहों के लागत 3.06 करोड़, ग्राम चन्द्रखाल में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय आवास गृहों के लागत 3.06 करोड़, एसडीएम कार्यालय भवन हरदा लागत 1.31 करोड़ रुपए, हरदा विधानसभा क्षेत्र की कुल 24 नल जल योजनाएं, जिनकी लागत 11.97 करोड़ रुपए है तथा टिमरनी विधानसभा क्षेत्र की कुल 140 नल जल योजनाएं, जिनकी लागत 68.87 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही खोड़ियाखेड़ी से करताना मार्ग लम्बाई 3 कि.मी. कुल लागत 4.93 करोड़ रुपए का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे।
Views Today: 2
Total Views: 82

