पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

अनोखा तीर, हंडिया। नर्मदा क्षेत्र में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हंडिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हंडिया थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में रेत माफियाओं द्वारा अवैध रेत का खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। दिनांक 28 जून को थाना हंडिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रैक्टर चालक बिना वैध रॉयल्टी के अवैध रेत से भरी ट्रॉली लेकर ग्राम जोगा से ग्राम मांगरूल की ओर जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम मांगरूल से सगौदा के बीच वन विभाग के जंगल मार्ग पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर का नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर एवं उससे जुड़ी नीले रंग की ट्रॉली को रोककर जांच की गई। ट्रॉली में लगभग 3 घन मीटर रेत भरी हुई पाई गई। चालक से रेत परिवहन संबंधी वैध रॉयल्टी एवं दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी सुनील पिता तुलसीराम काजले, उम्र 23 वर्ष, निवासी साल्याखेड़ी के कब्जे से लगभग 3 घन मीटर अवैध रेत तथा सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। जब्त रेत की अनुमानित कीमत करीब 4,500 रुपए बताई गई है। जप्ती की संपूर्ण कार्रवाई नियमानुसार संपन्न की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना हंडिया में अपराध क्र. 272/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

0 Views

Leave a Reply