खेत में मजदूरी करने वाले दंपति की टपरी के बाहर मिला पत्नी का शव  

-शरीर पर मिले चोट के निशान

अनोखा तीर, सिराली। थाना सिराली क्षेत्र के ग्राम लोलांगरा एवं बंदीमुहाड़िया छोटी नहर चौराहे के पास स्थित एक खेत में शनिवार सुबह मजदूरी कर रहे दंपति की टपरी के बाहर पत्नी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान सेवंती बाई (35) पत्नी बंसीलाल निवासी घोड़ापाठ के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ पिछले करीब दो वर्षों से खेत में रहकर मजदूरी कर रही थी। शनिवार सुबह खेत मालिक बृजेश बांके खेत पर पहुंचे तो उन्होंने टपरी के बाहर पलंग पर महिला को घायल अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही सिराली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर, दाहिने हाथ और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। खेत मालिक के अनुसार, दंपति की दो बेटियां और एक बेटा हैं तथा वे लंबे समय से खेत में रहकर मजदूरी कर रहे थे। महिला की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के शरीर पर मिले चोट के निशान
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतका की सबसे छोटी बेटी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि रात में कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी मां को शराब पिलाकर बाइक से घर छोड़ गया था। इसके बाद शनिवार सुबह उसकी मां का शव टपरी के बाहर खटिया पर मिला। परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को इस मामले में प्रथम दृष्टया महिला के पति बंशीलाल पर ही हत्या का संदेह है। पुलिस को आशंका है कि चरित्र पर संदेह के चलते पति ने ही रात में डंडे से पीट-पीटकर सेवंती बाई की हत्या कर दी है।
एफएसएल टीम कर रही जांच
पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल पर जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया है। एफएसएल की जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।

0 Views

Leave a Reply