ट्रक ड्राइवर की सूझबूझ से बची मां, बाप और बच्चे की जान  

-खुद की परवाह किए बिना ट्रक को नदी में उतारा
अनोखा तीर, बालागांव। हरदा जिले के ग्राम बालागांव और बुंदड़ा के बीच स्थित मटकुल नदी पर बने पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रक ड्राइवर की सूझबूझ और समझदारी से बाइक सवार बच्चे, पिता और मां की जान बच गई। ड्राइवर ने अपनी जान की परवाह किए बिना ट्रक को नदी में उतार दिया। प्रत्यक्षदर्शी अशोक गौर ने बताया कि मगरधा साइड से आ रही बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। पुल पर ढलान होने से उसकी स्पीड और बढ़ गई। सामने से ट्रक आ रहा था और ड्राइवर लगातार हॉर्न बजा रहा था, लेकिन बाइक सवार समय रहते गाड़ी पर नियंत्रण नहीं कर सका। टक्कर की स्थिति बनते देख ट्रक ड्राइवर ने तुरंत ट्रक को पुल से नीचे नदी में उतार दिया। ट्रक का एक हिस्सा पुल पर लटक गया, लेकिन उसने बाइक सवार परिवार की जान बचा ली। ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण यहां आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। बरसात के समय में पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिर चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। घटना के समय मौके पर मौजूद बालागांव निवासी अशोक गौर ने कहा कि ट्रक ड्राइवर की सूझबूझ और साहस काबिले तारीफ है। उसने अपनी जान की परवाह किए बिना एक पूरे परिवार को मौत के मुंह से बचा लिया। ग्रामीणों और राहगीरों ने ट्रक ड्राइवर के इस साहसिक कार्य की सराहना की और उसे धन्यवाद दिया।

244 Views

Leave a Reply