Skip to content
Thursday, 5 November 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता की जिंदगी बदलने की गारंटी दी है -शिवराज सिंह चौहान

4 min read
Text Size:

भोपाल- मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट पर आभार कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि, मध्यप्रदेश की जनता ने, भाइयों-बहनों और भांजे-भांजियों ने जो लाड प्यार और आशीर्वाद दिया है वह अद्भुत और अभूतपूर्व है, इतने वोट कभी मध्यप्रदेश में नहीं मिले आपने भारतीय जनता पार्टी की झोली भर दी है। लोग हैरत में थे कि, इतने वोट निकल कहां से रहे हैं। चुनाव से पहले कहते थे बहुत कठिन है टफ है, कांटे का मुकाबला है लेकिन मैंने कहा पूरे कांटे लाडली बहनों ने निकाल दिए। ये मुकाबला कांटे का नहीं बल्कि एक तरफा मुकाबला हो गया। यह कार्यक्रम पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा द्वारा आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस ने चुनाव में कई तरह के दाव पेंच खेले हैं। इसके बावजूद कांग्रेसी रो रहे हैं कि मशीन गड़बड़ थी इसलिए हम हार गए। कांग्रेस अगर हारी तो अपने झूठ, बेईमानी और अहंकार के कारण हारी है। उन्होंने कहा कि, जो कमिशन के आरोप लगाते थे वो स्वयं भ्रष्ट हैं, कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय है। 15 महीने के लिए आए थे, झूठे वादे कर गए और एक भी वादा पूरा नहीं किया। कहा था बेरोजगारी भत्ता देंगे लेकिन धेला नही दिया। समूह का कर्ज माफ करेंगे, एक पैसा नहीं दिया। कोई राहत और सुविधा नहीं दी तो जनता ने कहा कि, अब हम कांग्रेस पर भरोसा नहीं करेंगे। मध्यप्रदेश में भरोसा मोदी और मामा पर करेंगे और अपने भैया पर करेंगे।

उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित आभार कार्यक्रम में कमल के फूल की प्रिंट वाली साड़ियां पहनकर बहनों ने 29 कमल के फूलों की मालाओं पर समस्त लोकसभा क्षेत्रों का नाम लिखा हुआ था। इन कमल की मालाओं से लाड़ली बहनों ने भैया शिवराज का भव्य अभिनंदन किया और 29 लोकसभाओं में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड विजयी दिलाकर नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मतदान के दिन सुबह हुई नहीं कि, सबसे पहले लाड़ली बहनाओं की लंबी-लंबी लाईनें लग गई। उन्होंने कहा कि, अभी मेरे पास एक बहन आई थी सबीना, सबीना ने बीजेपी को वोट दिया और बाद में उसके साथ देवर ने मारपीट की, तो मैंने कहा बहन आ जाओ सीएम हाउस, तेरा भाई अभी जिंदा है, चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है मैं तेरी देखरेख करूंगा। मैं सिर्फ कहने के लिए भाई नहीं हूं सगा भाई हूं एक अलग और पवित्र रिश्ता है भाई-बहन का।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि, जब तक मेरी सांस चलेगी आपकी सेवा करूंगा। मेरे लिए सबसे बड़ा पद है भाई और मामा का पद है, इससे बड़ा दुनिया में कोई पद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि, मैं पहले उन क्षेत्रों में जा रहा हूं जहां भाजपा चुनाव नहीं जीती है। आपकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत गाड़ियां हर वार्ड में जाएंगी और छूटे हुए हितग्राहियों के नाम जोड़े जाएंगे। विकास भी करेंगे और जनता की सेवा के अभियान भी चलेंगे।

सीएम शिवराज ने कहा कि, हर एक वचन भारतीय जनता पार्टी पूरा करेगी, लाड़ली बहनों की खुशियों की 10 तारीख फिर आ गई है। अभी 1250 रूपए बहनों के खाते में आ रहें हैं लेकिन धीरे-धीरे इस राशि को 3000 रूपए तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना के बाद अब ’लखपति बहना’ अभियान चलेगा। मेरी बहनों की आमदनी हर महीने कम से कम 10 हजार रूपए से ज्यादा हो और साल की एक लाख रुपये से ज्यादा आमदनी हो, यह मेरा संकल्प है। बहनों को स्व-सहायता समूह के माध्यम से अलग-अलग काम देकर लखपति बनाया जाएगा।

सीएम शिवराज ने कहा कि, नरेंद्र मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। वो भारत को भगवान का वरदान हैं, उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। मोदी ने आपकी जिंदगी बदलने की गारंटी ली है आप मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की गारंटी लें। उन्होंने कहा कि, उत्तर भोपाल में, मैं आपसे निवेदन करने आया हूं कि, फिर लोकसभा के चुनाव में कमल के फूल का बटन दबाएं, भारतीय जनता पार्टी को जिताएं और मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें।

106 Views
What do you think?

Leave a Reply