पुलिस हिरासत में फर्जी शिक्षा अधिकारी, नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, बैतूल। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी दस्तावेजों के नाम पर नौकरी दिलाने वाला मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बैतूल में हो रही ठगी का एसपी के मार्गदर्शन में पुलिस जल्द ही खुलासा करने वाली है। मंगलवार की देर रात पुलिस के हत्थे ऐसा ही एक शातिर ठग लगा है जो भोले-भाले बेरोजगारों को सरकारी नौकरी का लालच देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ चुका है। पीड़ित ने मंगलवार की दोपहर इस मामले की शिकायत एसपी सिद्धार्थ चौधरी को की थी। जिन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्परता से आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शाहपुर पतौवापुरा निवासी लोकेश कुमार नामदेव ने एसपी सिद्धार्थ चौधरी को आवेदन देकर शिकायत की थी कि विशाल जैसवाल नाम का व्यक्ति उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठग चुका है। पीड़ित पक्ष से आरोपी 7 लाख 80 हजार रुपए ले चुका है। एसपी सिद्धार्थ चौधरी और एएसपी नीरज सोनी के मार्गदर्शन में गंज थाना, बैतूलबाजार थाना और अन्य थाने की पुलिस बल की टीम गठित की गई। आरोपी को बडोरा के शिवलोक सिटी में स्थित उसके मकान से मंगलवार की देर रात हिरासत में लिया गया है। आरोपी के पास से कई फर्जी मार्कशीट, फर्जी नियुक्ति पत्र, फर्जी डिग्री सहित करीब 100 दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा कई विभागों की सील भी जब्त की गई है। जिससे स्पष्ट है कि आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों और सीलों का उपयोग कर रहा था।

 3 बजे रात तक थाने में बैठे एसपी

अपराधियों के खिलाफ सख्त रूख अपनाने वाले एसपी सिद्धार्थ चौधरी को बैतूल में पदस्थ हुए अभी सिर्फ एक माह ही हुआ है। लेकिन इस दौरान उनकी कार्यवाही से अपराधियों में हड़कम्प मच गया है। आईपीएल सट्टा से लेकर जुआं-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ही अन्य मामलों में भी तत्परता और गंभीरता दिखाई दे रही है। इस मामले से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि टीम गठन के बाद आरोपी को हिरासत में लेने की कार्यवाही तक एसपी सिद्धार्थ चौधरी रात के 3 बजे तक गंज थाने में बैठे रहे और पूरी कार्यवाही पर नजर रखे रहे। जिसके परिणाम स्वरूप आरोपी के पकड़े जाने के साथ ही ठगी के साक्ष्य भी पुलिस ने बरामद कर लिए।

बोर्ड आफिस का अधिकारी बताता था स्वयं को

आरोपी विशाल जैसवाल के बारे में आवेदक लोकेश कुमार नामदेव ने बताया कि आरोपी स्वयं को मध्यप्रदेश शासन शिक्षा विभाग बोर्ड आफिस भोपाल का बेसिक अधिकारी के पद पर पदस्थ होना बताता था। आरोपी के चार पहिया वाहन पर मध्यप्रदेश शासन लिखा होता था। इस वाहन पर सायरन भी लगे होते थे। वाहन का नंबर एमपी 48 बीसी 3128 था और इसी वाहन से आरोपी शाहपुर आना-जाना करता था। उसने लोकेश को झांसे में लेने के साथ ही उससे कहा कि उसके जितने परिचित लोग हैं सभी से बात कर लें सभी को नौकरी लगवा देंगे। कम्प्यूटर आपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने के लिए एक व्यक्ति से 3 लाख रुपए दिए जाने की बात हुई थी। लालच में आए लोकेश ने अपनी पत्नी कमला नामदेव और भाई मिथलेश नामदेव की नौकरी लगाने की बात की और किश्तों में आरोपी और आरोपी के परिवार के खातों में 7 लाख 80 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर की गई।

जल्द होगा खुलासा : एसपी

बैतूल एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने इस प्रतिनिधि को बताया कि शिकायत आई थी। जिसको लेकर पुलिस टीम को आरोपी को हिरासत में लेने के निर्देश दिए थे। कल रात आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। काफी बड़ा मामला है और जल्द ही हम इसका खुलासा करने वाले है।

Views Today: 2

Total Views: 132

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!