चुनावी हार-जीत को लेकर लग रहे गुणा भाग

schol-ad-1

अनोखा तीर, हरदा। नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदान उपरांत अब शहर के चौक-चौराहों पर प्रत्याशियों के जीत-हार के दावे प्रतिदावे किए जाने लगे है। चुनाव परिणाम तो १७ जुलाई को मतगणना के पश्चात ही ज्ञात हो पाएंगे, लेकिन मतदाताओं के रूझान और कार्यकर्ताओं के अनुभवों पर चुनाव परिणामों के गणित लगाए जा रहे है। राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो जहां सत्ताधारी दल भाजपा अपनी केन्द्र और प्रदेश की सरकार तथा बीते ७ वर्षों के नगरपालिका कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों के बलबूते पर पुन: बहुमत के साथ नगर सरकार पर काबिज होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी जनता के रूख तथा भाजपा के दावों को झूठा करार देते हुए अपनी जीत के दावे करती नजर आ रही है। ऐसी स्थिति में स्पष्ट तौर पर तो यह कह पाना उचित नहीं होगा कि कौन सा दल स्पष्ट बहुमत के साथ नगर की सत्ता पर काबिज होने जा रहा है, लेकिन चुनावी रणनीतिकारों और चौक-चौराहों पर किए जा रहे दावों के आधार पर कयास लगाए जा सकते है। हम शहर की इन्हीं चर्चाओं के आधार पर जो तथ्य उभरकर आ रहे है उसके अनुसार यह चुनावी समीक्षा आपके समक्ष प्रस्तुत कर रहे है। हम स्पष्ट करते है कि यह न तो हमारे द्वारा निकाला गया कोई एक्जिट पोल है और ना ही हम इस प्रकार की किसी हार-जीत का दावा करते है। यह महज शहर के उन लोगों की राय और चर्चा है जिनके मतों से आने वाली १७ जुलाई को परिणाम घोषित होना है।
चर्चाओं के अनुसार वार्ड क्रं. १ जहां चार प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे। जिसमें लोगों का मानना है कि कांग्रेस की श्रीमती राजकुमारी कुचबंदिया का पलड़ा भारी माना जा रहा है। इसी तरह वार्ड क्रं. २ में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिसमें निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा समीकरण बिगाडऩे के कारण कांग्रेस की श्रीमती संजीदा को लाभ होना माना जा रहा है। वहीं वार्ड क्रं. ३ में पांच उम्मीदवार मैदान में है, जिसमें भाजपा की श्रीमती रक्षा मुन्नालाल धनगर का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। वार्ड क्रं. ४ में पांच उम्मीदवार मैदान में होने से यहां का मुकाबला पेचिदा माना जा रहा है। चंूकि यहां भाजपा के असंतुष्ट उम्मीदवार दिनेश चंदेवा भी मैदान में रहे है, जिन्हें पहले भाजपा द्वारा अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया था और बाद में दिनेश मौर्य को अधिकृत कर दिया गया। इस वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी राजेन्द्र कुमार काले को भी टक्कर में माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ५ से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिसमें भाजपा के प्रदीप सोनी का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ६ से चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। यहां भाजपा की पूर्व पार्षद श्रीमती अनिता राठौर और कांग्रेस की श्रीमती यास्मीन खान के समीकरण भाजपा की ही असंतुष्ट निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मीबाई प्रजापति बिगाड़ते नजर आ रही है। वार्ड क्रं. ७ से भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इस वार्ड में अगर ब्राम्हणवाद चला तो कांग्रेस के शैलेन्द्र जोशी भाजपा उम्मीदवार के समक्ष मुश्किल पैदा कर सकते है। वार्ड क्रं. ८ में कांग्रेस के सगीर मंसूरी और भाजपा के पूर्व पार्षद मनोज महलवार का सीधा मुकाबला है, जिसमें श्री महलवार का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ९ में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहा है, जिसमें भाजपा उम्मीदवार रामेश्वर सारन का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. १० में भी भाजपा श्रीमती कीर्ति राहुल अग्रवाल और श्रीमती रागिनी गेहलोत के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ११ में चार प्रत्याशी मैदान में है, जिसमें कांग्रेस की श्रीमती अर्चना यादव और भाजपा की श्रीमती अंजना संदीप पाराशर के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। चूंकि इस वार्ड में दो निर्दलीय प्रत्याशी मुस्लिम समुदाय से होने के कारण कांग्रेस के वोटों का नुकसान नजर आता है। वार्ड क्रं. १२ में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। यहां वैसे तो भाजपा के टिटू पंडि़त और कांग्रेस के अक्षय उपरीत के बीच सीधा मुकाबला है। वार्ड क्रं. १३ में भाजपा के आशीष गौर और संजय दिशोरे में टक्कर मानी जा रही है। वार्ड क्रं. १४ में भाजपा की श्रीमती अफसाना बी और कांग्रेस की श्रीमती जैबुननिशा के समीकरण निर्दलीय श्रीमती हज्जानी सगुरा बी बिगाड़ते नजर आ रही है। वार्ड क्रं. १५ में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर में कांग्रेस की श्रीमती सुप्रिया पटेल का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. १६ में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिसमें आप पार्टी का प्रत्याशी मैदान में आने के कारण भाजपा की श्रीमती आशा मीणा और कांग्रेस की श्रीमती राजश्री गोरखे के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। अगर भाजपा के असंतुष्ट वोट आप में जाते है तो भाजपा को यहां नुकसान होता है और अगर आप की प्रत्याशी अधिक वोट नहीं कबाड़ पाई तो भाजपा को फायदा। वार्ड क्रं. १७ में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबले में श्रीमती बिंदु गुर्जर का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. १८ में वैसे तो तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, लेकिन यहां कांग्रेस की श्रीमती ज्योति दुबे और भाजपा की श्रीमती कैलाश सांखला के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। वार्ड क्रं. १९ में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर में अगर सिंधी मतदाताओं ने भाजपा का साथ नहीं छोड़ा तो अंशुल गोयल का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. २० में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जिसमें कांग्रेस के अमर रोचलानी और भाजपा के दीपक नेमा के बीच निर्दलीय प्रत्याशी राजू टांक अगर समीकरण नहीं बिगाड़ते है तो दीपक नेमा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. २१ में तीन प्रत्याशी है और यहां तीनों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। इस वार्ड में आप के प्रत्याशी भाजपा-कांग्रेस का गणित बिगाड़ते नजर आ रहे है। वार्ड क्रं. २२ में तीन प्रत्याशी मैदान में है, जिसमें भाजपा की रेहाना दिलावर खान और कांग्रेस की श्रीमती नजमुननिशा का समीकरण निर्दलीय जैतुन हन्नू खां बिगाड़ते नजर आ रही है। वार्ड क्रं. २३ में वैसे तो भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला है, लेकिन इस वार्ड से भाजपा के दीपक मालवी और ऋषि सोनकर प्रबल दावेदार थे। भाजपा द्वारा श्रीमती प्रीति सचिन सिंघई को प्रत्याशी बनाया गया है। चूंकि इस वार्ड में लगभग ३०० से अधिक मुस्लिम मतदाता है, ऐसी स्थिति में भाजपा की भीतरघात और मुस्लिम मतदाताओं का कांग्रेस के पक्ष में रूख होने को देखते हुए भाजपा के लिए यह वार्ड कड़े मुकाबले का हो सकता है। वार्ड क्रं. २४ से तीन प्रत्याशी मैदान में है, लेकिन यहां निर्दलीय प्रत्याशी पुरुषोत्तम सैनी ने भाजपा के ओमप्रकाश मोरछले को अपना समर्थन दे दिया था। इसके बावजूद इस वार्ड में कांग्रेस के प्रवीण जायसवाल का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. २५ में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जिसमें मुख्य मुकाबला भाजपा की श्रीमती रानी सुनील बघेला और कांग्रेस की श्रीमती उर्वशी शैलेन्द्र गुर्जर के बीच है। परंतु इस वार्ड में भाजपा के ही निर्दलीय श्रीमती रजनी आलोक कुशवाह जहां एक ओर भाजपा वोटों का नुकसान करती नजर आ रही है तो वहीं अगर गुर्जर मतदाताओं ने कांग्रेस का साथ दिया तो भाजपा के लिए थोड़ी मुश्किल हो सकती है। बहरहाल भाजपा को इस नुकसान की भरपाई सिकवीगर मतदाताओं से होती नजर आ रही है। वार्ड क्रं. २६ में भाजपा के सौरभ तिवारी और कांग्रेस के मुकेश पाराशर के बीच सीधा मुकाबला है। इस वार्ड का चुनावी गणित गुर्जर मतदाताओं पर केन्द्रित करता है। कांग्रेस द्वारा अध्यक्ष प्रत्याशी के रुप में गुर्जर समुदाय की श्रीमती सुप्रिया पटेल का नाम घोषित होने से यहां के गुर्जर मतदाताओं ने अगर कांग्रेस की ओर रूख किया तो मुकेश पाराशर का पलड़ा भारी हो सकता है। वार्ड क्रं. २७ में कांग्रेस की श्रीमती प्रीति धर्मेन्द्र चौहान का भाजपा की श्रीमती रेखा चौहान से सीधा मुकाबला है। इस वार्ड में कांग्रेस की श्रीमती प्रीति चौहान का पलड़ा भारी बताया जाता है। वार्ड क्रं. २८ में पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इस वार्ड में भाजपा के असंतुष्ट निर्दलीय भी मैदान में है। वैसे तो कांग्रेस की श्रीमती सुषमा और भाजपा की श्रीमती विजयश्री के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। वार्ड क्रं. २९ में भाजपा-कांग्रेस के सीधे मुकाबले में कांग्रेस के अहद खान का पलड़ा भारी है। वार्ड क्रं. ३० में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। यहां कांग्रेस से श्रीमती बबीता रमेश सोनकर तथा भाजपा की श्रीमती भगवती दिलीप वर्मा का समीकरण निर्दलीय श्रीमती मंजू संतोष किरावर बिगाड़ते नजर आ रहे है। वार्ड क्रं. ३१ से चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जिसमें भाजपा की श्रीमती ओमवती उईके का पलड़ा भारी माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ३२ से तीन प्रत्याशी मैदान में है, जिसमें भाजपा के शुभम इवने का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। वार्ड क्रं. ३३ में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। यहां भाजपा के कुंवर सिंह का मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी मनीष नारायण मसानिया से माना जा रहा है। वार्ड क्रं. ३४ से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इसमें भाजपा की श्रीमती भारती राजू कमेडिया का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। वार्ड क्रं. ३५ में पांच प्रत्याशी मैदान में है। जिसमें कांग्रेस की श्रीमती शिवरती गीते का पलड़ा भारी माना जा रहा है। इस वार्ड में अगर पीलियाखाल क्षेत्र के मतदाताओं का भाजपा और कांग्रेस में बराबर विभाजन होता है तो भाजपा का पलड़ा भारी हो सकता है।
खैर यह सब तो चौक-चौराहों के आंकलन है। मतदाताओं ने खामोशी के साथ किसको जनादेश दिया है यह सब आगामी १७ जुलाई को ही स्पष्ट हो पाएगा। हमने तो आपकी चुनावी चर्चाओं में अपनी भागीदारी को शामिल करते हुए गुणा भाग की एक और लाईन खींच दी है।

Views Today: 2

Total Views: 54

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!