सोने के मृग का छल

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-साधु का वेश धर रावण ने माता सीता का किया हरण
-जटायु को प्राप्त हुआ मोक्ष
अनोखा तीर, रहटगांव।  शशि रामलीला मंडल झाड़बीड़ा द्वारा रामलीला के छठवें दिवस त्रेता युग की उस दुर्लभ और मार्मिक लीला का मंचन किया गया, जिसमें रावण द्वारा माता सीता का हरण और जटायु के बलिदान का दृश्य दर्शाया गया। लीला के अनुसार रावण ने भगवान के हाथों अपनी मुक्ति के उद्देश्य से माता सीता का हरण कर उन्हें लंका ले जाने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भव्य रूप से सजाए गए रावण दरबार में पुष्प वर्षा के साथ रावण का स्वागत किया गया। इसी दौरान रावण की बहन सूर्पणखा दरबार में पहुंची और लक्ष्मण द्वारा नाक काटे जाने की घटना का उल्लेख किया। इसके बाद वह खर-दूषण के पास जाकर अपनी आपबीती सुनाती है। यह सुनकर खर-दूषण क्रोधित हो उठते हैं और अपनी सेना के साथ भगवान राम एवं लक्ष्मण से भयंकर युद्ध करते हैं, जिसमें भगवान श्रीराम द्वारा खर-दूषण का वध किया जाता है। अपने बलवान भाइयों के मारे जाने से रावण अत्यंत क्रोधित हो जाता है और वह अपने मामा मारीच के पास पहुंचकर माता सीता के हरण की योजना बनाता है। मारीच रावण को समझाते हुए कहता है कि प्रभु श्रीराम साधारण वनवासी नहीं, बल्कि भगवान विष्णु के अवतार हैं और उनसे बैर लेना विनाश का कारण बनेगा, लेकिन रावण उसकी बात नहीं मानता। भयवश मारीच सोने का हिरण बनकर चित्रकूट पहुंचता है। सोने के हिरण को देखकर माता सीता मोहित हो जाती हैं और श्रीराम से उसे पकड़कर लाने का आग्रह करती हैं। माता सीता की बात मानकर भगवान राम धनुष लेकर हिरण के पीछे चले जाते हैं। इसी अवसर का लाभ उठाकर रावण कपटी साधु का वेश धरकर माता सीता का हरण कर आकाश मार्ग से लंका की ओर प्रस्थान करता है। मार्ग में जटायु रावण से युद्ध करता है और माता सीता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे देता है। रावण द्वारा जटायु के पंख काटे जाने का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा, जिसे देखकर दर्शक भावुक हो उठे। इस दौरान व्यास रविशंकर गौर द्वारा प्रस्तुत भजन ‘मायापति देखो माया दिखलाते हैं, मायामृग के पीछे प्रभु दौड़े जाते हैंÓ ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्रशाह, जनपद पंचायत अध्यक्ष रजनी राजेश कलम टिमरनी, जनपद उपाध्यक्ष अनिल वर्मा लिबर्टी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में परमेश्वर दास महाराज कपासी, विजय सावनेर, सुजीत शर्मा, गणेश पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गयाप्रसाद पांडे, प्रभुदयाल गौर, संतोष तिवारी सहित रामलीला मंडल फुलडी, रामलीला मंडल बालागांव, रामलीला मंडल पिपल्या, कामधेनु गौशाला समिति धनपाड़ा के सदस्य एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Views Today: 48

Total Views: 48

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!