हम होंगे कामयाब से गूंज उठा राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम बूंदड़ा में आयोजि इकाई विशेष आवासीय शिविर के चतुर्थ दिवस पर छात्र-छात्रा स्वयंसेवकों ने प्रात:कालीन जागरण से लेकर रात्रि शयन तक पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और सामाजिक चेतना के साथ निर्धारित कार्ययोजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया। शिविर का संचालन पूर्व जिला संगठक जगदीश गौर और कार्यक्रम अधिकारी हर्षा जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। शिविर नायक अंशुल और मोनिका ठाकरे के नेतृत्व में सभी स्वयंसेवक उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिदिन समूह नायकों को उनके कार्य दायित्व सौंपकर शिविर को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। चतुर्थ दिवस पर बौद्धिक चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका विषय कुटुम्बकम प्रबंधन था। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी मनोज बागरे, जिला संगठक (राष्ट्रीय सेवा योजना) डॉ. अरुण कुमार सिकरवार, पूर्व जिला संगठक डॉ. सत्येंद्र सिंह परिहार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोरमा चौहान, डॉ. सुनीत काशिव और ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वयंसेवकों को अपने विचारों के माध्यम से मार्गदर्शन किया और पारिवारिक तथा सामाजिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने एनएसएस गीतों का सामूहिक गायन कर वातावरण को प्रेरणादायी और ऊर्जावान बनाया। महाविद्यालय की कार्यकारी निदेशिका डॉ. मोना खरे ने स्वयंसेवकों को शिविर के महत्व, सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और अपने व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया। युवा शक्ति के रूप में उपस्थित अवीर खरे ने कहा कि युवावस्था जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है, जिसमें सही दिशा, सकारात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करता है। मद्य निषेध संकल्प दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा रैली का भी आयोजन किया गया। बौद्धिक सत्र के उपरांत स्वयंसेवकों ने विषय से संबंधित अनेक जिज्ञासाएँ व्यक्त की और शिविर के अनुभव साझा किए, जिससे कार्यक्रम और अधिक संवादात्मक एवं सार्थक बन गया। अंत में जय जगत, जय जगत और हम होंगे कामयाब के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

Views Today: 2

Total Views: 34

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!