रेल यात्रियों को एक ही ऐप पर मिल रहीं कई सुविधाएं

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, भोपाल। रेल यात्रियों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एकीकृत मोबाइल ऐप के माध्यम से अब यात्रियों को रेलवे से जुड़ी अनेक सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग काउंटरों और विभिन्न ऐप्स पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं रह गई है। इस डिजिटल सुविधा के तहत यात्री आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग के साथ-साथ पीएनआर स्थिति, लाइव ट्रेन स्थिति, ट्रेन खोज, कोच एवं सीट लोकेशन तथा ट्रेन में भोजन बुकिंग जैसी सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं। इससे यात्रा से पूर्व और यात्रा के दौरान आवश्यक जानकारी जुटाना यात्रियों के लिए आसान हो गया है।
काउंटरों पर भीड़ से राहत, खुले पैसों की समस्या का समाधान
डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग की सुविधा के कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबी कतारों में लगने से राहत मिल रही है। साथ ही नकद भुगतान के दौरान खुले पैसों की समस्या से भी निजात मिल रही है, जिससे समय की बचत के साथ यात्रा अधिक सहज बन रही है।
अनारक्षित टिकट पर आर्थिक लाभ
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनारक्षित टिकटों की बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट की सुविधा दी जा रही है, जो 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह छूट यूपीआई, मोबाइल वॉलेट, नेट बैंकिंग, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड सहित सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू है। इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
सुरक्षित और भरोसेमंद डिजीटल व्यवस्था
डिजिटल टिकटिंग प्रणाली सुरक्षित एवं पारदर्शी है, जिससे यात्रियों को भुगतान और टिकट से संबंधित जानकारी विश्वसनीय रूप से प्राप्त होती है। यात्रा से जुड़ी सूचनाएं मोबाइल पर उपलब्ध होने से यात्रियों में भरोसा और सुविधा दोनों बढ़ी हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि एकीकृत डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों को रेलवे की कई आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि यात्रा अनुभव भी अधिक सरल और सुरक्षित बन रहा है।

104 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!