भोपाल। जिला प्रशासन ने आदमपुर छावनी में अवैध कालोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। इस जमीन की वर्तमान में अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। जमीन राजीव गांधी प्रौद्योगिक मिशन के नाम से आवंटित की गई है। कार्रवाई के दौरान लोग विरोध में उतर आए थे, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते कार्रवाई लगातार चलती रही। बताया जा रहा है कि यहां बने चालीस से अधिक निर्माणाधीन मकानों को तोड़ा गया है। इसके साथ ही जिन मकानों में लोग निवास कर रहे हैं ,उनको ये जगह छोड़ने के लिए कुछ समय की मोहलत दी गई है।
कुछ घरों में रह रहे थे लोग
हुजूर तहसील के तहसीलदार दिलीप चौरसिया ने बताया कि ग्राम छावनी पठार आदमपुर में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कालोनी विकसित की जा रही थी। यहां कुछ मकानों का निर्माण किया जा रहा था, जबकि कुछ मकान निर्मित किए जा चुके हैं। ऐसे ही मकानों को गुरुवार को कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवाकर तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान रहवासी विरोध कर हंगामा कर रहे थे। जिन्हें समझाया गया तो वह शांत हो गए, जहां रहने वाले लोगों को समय दिया गया है। जिससे वह अपना समान स्वयं निकाल लें ।उन्होंने बताया कि यहां पर शासकीय खसरा नंबर 47 में रकबा 86.514 हेक्टेयर का अंशभाग रकबा 12.140 हेक्टेयर लगभग 30 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। जिसका बाजार मूल्य वर्तमान कलेक्टर गाइडलाइन अनुसार करीब चार करोड़ रुपये है।
कालोनाइजरों का पता लगा रहे अधिकारी
सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनाए जा रहे हैं। कार्रवाई के विरोध में यहां मकान में रहने वाली महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ सामने आ गईं थीं। राजस्व अधिकारियों द्वारा पता लगाया जा रहा है कि आखिर सरकारी जमीन पर किन लोगों के द्वारा अवैध रूप से कालोनी विकसित की जा रही है। यहां पक्के निर्माण के साथ ही बाउंड्रीवाल तक बना ली थी।
75 Views

