खंडवा- जिले में मानसून ने पिछले साल की अपेक्षा इस साल 8 दिन देरी से दस्तक दी, लेकिन अपेक्षित बारिश नहीं हुई। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है। पिछले साल जून में इस समय तक 113 मिमी यानी साढ़े चार इंच बारिश हो चुकी थी। इस साल अभी तक सिर्फ 9 मिमी बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले पांच दिनों में तेज हवा व बिजली चमकने के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। दो दिन से मौसम में ठंडक घुल गई है। तापमान में कमी आई है। दिन का तापमान 30.1 डिग्री और रात का तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

शहर में आसमान पर काले बादल घिर आए और इसके साथ ही हवाओं के साथ बारिश हुई। लगातार दो दिनों से बादलों ने आसमान में डेरा डाल रखा था लेकिन दोपहर में कुछ देर के लिए ही बादल बरसे। बारिश से लोगों के चेहरे खिल गए। वहीं दूसरी ओर पहली ही बारिश ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की कलई खोल कर रख दी। थोड़ी सी ही बारिश में शहर में जगह-जगह बने गड्ड़े पानी और कीचड़ से भर गए। राहगीरों को खासी मुसीबत का सामना करना पड़ा। तीन पुलिया पर नाले की गंदगी रबड़ी की तरह बहने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया। शहर में अभी भी कई नालों की साफ-सफाई पूरी तरह से नहीं हो पाई है इसके चलते आने वाले दिनों में और अधिक जल-भराव की समस्याएं सामने आएगी। जलभराव से मौसमी बीमारियों और मच्छरों के पनपने का खतरा भी बन गया है। इस पर तुरंत ध्यान दिया जाना आवश्यक है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले पांच दिनों में तेज हवा व बिजली चमकने के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। दो दिन से मौसम में ठंडक घुल गई है। तापमान में कमी आई है। अगले 5 दिनों में तेज हवा व बिजली चमकने के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए खेत की तैयारी के समय जल निकासी का प्रबंधन करें। मेढ़-नाली पद्धति से बोआई करें। 4 इंच बारिश के बाद ही खेतों में बुआई करें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधे। बिजली से बचाव के लिए दामिनी एप का उपयोग जरूर करें।

