तरुण मेहरा, नर्मदापुरम- प्रदेश में द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 की प्रारंभिक गतिविधियाँ 25 मई से शुरू हो चुकीं है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम ने बताया कि प्रदेश में द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की गतिविधि 4 अक्टूबर 2023 तक जारी रहेंगी।
इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने, वोटर आईडी कार्ड में संशोधन के लिए शनिवार एवं रविवार को विशेष शिविर भी लगाएं जाएंगे। उन्होने बताया कि द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्री-रिवीजन गतिविधि के दौरान 23 जून तक बीएलओ अपने मतदान केंद्र अंतर्गत आने वाले मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया जाएगा। प्रदेश में 2 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। आगामी 2 से 31 अगस्त तक मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, वोटर लिस्ट में संशोधन, मृत मतदाता और दोहरी प्रवृष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। सभी बीएलओ को निर्देश दिये गये है कि 10 जून तक मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के लिये प्रस्ताव उपलब्ध कराएं।

