नर्मदापुरम जिले में तैयार हो रहे 11 होमस्टे
तरुण मेहरा, सेमरी हरचंद- एक जिला एक उत्पाद के तहत नर्मदापुरम जिले में पर्यटन का चयन किया गया है। जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 52 हफ्ते 52 इवेंट्स के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिले में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंच रहे पर्यटकों के लिए मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जिम्मेदार पर्यटन के तहत होमस्टे योजना संचालित की जा रही है। जिले की सोहागपुर तहसील में दो ग्रामों छेड़का एवं ढावा ग्राम में योजना के तहत ग्रामीण होमस्टे के निर्माण चल रहे हैं। छेड़का ग्राम में 7 और ढाबा ग्राम में 4 होमस्टे बनाये जा रहे हैं। इन होम स्टे में पर्यटक न सिर्फ प्रकृति के बीच रह सकेंगे बल्कि जिला और प्रदेश की संस्कृति एवं स्थानीय व्यंजन का आनंद भी लेंगे।
होमस्टे संबंधी योजनाओं को पर्यटकों को भारतीय संस्कृति, परम्पराओं एवं खान-पान आदि का अनुभव प्रदान करना, पर्यटकों तथा यात्रियों को ठहरने के लिये स्वच्छ एवं किफायती स्थान उपलब्ध कराने, प्रदेश में अतिथी कक्षों की संख्या में वृद्धि करने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु संचालित किया जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा होमस्टे योजनाओं को सरल एवं आसान बनाकर व्यापक रूप से हितधारकों को जोड़ने हेतु तैयार किया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों के निजी क्षेत्र के हितधारक तेजी से बढते हुए पर्यटन व्यवसाय से जुड़कर अपनी संस्कृति, परिवेश एवं स्थानीय परम्पराओं का अनुभव प्रदान करते हुए आय के वैकल्पिक स्त्रोत को सृजित कर सकेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं म प्र टूरिज़्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री शिव शेखर शुक्ला द्वारा बताया गया है कि मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के 100 चिन्हित ग्रामो में होमस्टे के निर्माण का कार्य जारी है जिसमे पचमढ़ी में होमस्टे से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र के साथ एक अच्छी वैकल्पिक व्यवस्था है, जिसमे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और वातावरण का लाभ मिल सकेगा।


