जयंती माता क्षेत्र में नवनिर्मित नगर वन का राज्य मंत्री अहिरवाल ने किया लोकार्पण

schol-ad-1

33 हेक्टेयर में बने नगर वन में मनोरंजन से भरपूर सुविधा के साथ बाइसिकल सफारी की मिलेगी सुविधा  

विकास पवार, बड़वाह – अब बड़वाह नगर ही नहीं आसपास के रहवासियों को मनोरंजन के लिए जंगल की तर्ज पर नगर से चार किमी दूर जयंती माता मंदिर स्थित नवनिर्मित नगर वन की सुविधा शुरू की गई है। जिसका लोकार्पण विधायक सचिन बिरला एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गुरुवार शाम 4 बजे राज्य वन मंत्री एवं पर्यावरण दिलीप अहिरवाल के कर कमलों द्वारा किया गया। शुभारम्भ के अवसर पर हुए कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने कहा की वनो की रक्षा के लिए वन विभाग बहुत मेहनत करता है। जिसकी बदौलत ही आज वन क्षेत्र सुरक्षित है। जबकि वन विभाग द्वारा समय समय पर अनुभूति कैम्प के माध्यम से बच्चो को वनों, वन्य प्राणियों के और करीब लाने के प्रयास किए जाते है। क्षेत्रीय विधायक सचिन बिरला ने कहा कि मां जयंती के आंगन में स्थित यह नगर वन क्षेत्र पर्यटन को नई पहचान देगा। उन्होंने महोदरी आश्रम की जमीन का पट्टा व कबीट वाले भीलट बाबा मंदिर से नगर वन तक रोड निर्माण करवाने की मांग की। इस मांग को लेकर मंत्री अहिरवाल ने कहा कि हमारे द्वारा सभी मांगो के लिए पत्राचार कर शीघ्र पूरा करवाया जाएगा।

इस मौके पर श्री अहिरवाल और जनप्रतिनिधियों ने नगर वन का भ्रमण कर उक्त स्थान पर होने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। मंत्री अहिरवाल और विधायक सचिन बिरला ने पौधा रोपण भी किया। जबकि नगर वन घूमने के लिए उपलब्ध बाइसिकल सफारी का भी लुफ्त उठाया। इस दौरान लोकार्पण के कार्यक्रम में मौजूद मुख्य वन संरक्षक खंडवा के रमेश गणावा और डीएफओ अनुराग तिवारी ने मंत्री श्री अहिरवाल को नगर वन में होने वाली सुविधा एवं पर्यावरण की विस्तार से जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि सर्वप्रथम नगर वन का वेदी पाठी पंडितों द्वारा विधि विधान से पूजन कर लोकार्पण करवाया गया ।जिसके बाद मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नगर वन में घूमकर वहां मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

तीस रुपए के टिकट में मिलेगी साईकल सफारी की सुविधा

नगर वन घूमने आने वाले बच्चों और उनके परिवार सदस्यों को टाइगर झूला, गार्डन झूले,सेल्फी पॉइंट, बटर फ्लाई, ओपन जीम, झरना, पैगोडा, कमल कुंड, टायर क्लाइंब, जंगल ट्रैक, हेम वाक सहित अन्य कई झूले और टी हाऊस जैसी सुविधा उपलब्ध होगी। जिसके मेंटेनेंस के लिए प्रति व्यक्ति तीस रुपए का टिकट शुल्क निर्धारित किया गया है। जिसके अंतर्गत नगर वन में घूमने के लिए निःशुल्क बाइसिकल सफारी शामिल रहेगी। जबकि इस नगर वन में घूमने की सुविधा सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी। उल्लेखनीय है कि यह नगर वन चोरल नदी के समीप 33 हेक्टेयर में करीब एक करोड़ से अधिक की राशि से विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने वाईल्डलाईफ वार्डन रह चुके टोनी शर्मा, अनुभूति कैम्प के बच्चो का सम्मान किया। साथ ही डीएफओ व अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने जयंती माता के दर्शन लाभ लिए।

विश्व पर्यावरण दिवस पर लागू हुई थी नगर वन योजना

नगर वन के लोकार्पण के अवसर पर डीएफओ अनुराग तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर नगर वन योजना का क्रियान्वयन किया था। जिसके तहत बड़वाह वन परिक्षेत्र में चोरल नदी स्थित 33 हेक्टेयर की वन भूमि पर इस नगर वन को विकसित किया गया है और आज जिस तरह से आधुनिकीकरण बढ़ रहा है और वन क्षेत्र कम हो रहा है और पर्यावरण के समक्ष चुनौतियां हैं उनको देखते हुए इस योजना को लागू करने का उद्देश्य प्रधानमंत्री का है। पीएम नरेंद्र मोदी ने 1 नवंबर 2021 को ग्लासगोड में एक पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली की अवधारणा भी पेश की थी। जिसमें व्यक्ति और संस्थानों के वैश्विक समुदाय को पर्यावरण की रक्षा से जोड़ने का उद्देश्य था। इस अवधारणा के अंतर्गत मुझे लगता है कि नगर वन ऐसा क्षेत्र है। जिसमें समाज का हर व्यक्ति प्रकृति और वन का अनुभव करेगा। वन से जुड़ेगा और हमारी अगली पीढ़ी है उसके अंदर प्रकृति प्रेम का जो भाव है वह भरेगा। इस नगर वन से ही मां जयंती माता के दर्शन किए जा सकते हैं। इस नगर वन में नक्षत्र वन डेवलप किया है। जिसमें 27 नक्षत्र 12 राशि और नौ ग्रहों के पौधे लगाए हैं। उसमें क्यू आर कोड के माध्यम से लोगों को नक्षत्र और हमारी जो पुरानी सिद्धियां है उसके बारे में जानने का मौका मिलेगा। वही इसमें 40 से अधिक प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया हैं। जबकि हमारा प्रयास यह है कि जैव विविधता से भरपूर पार्क बनाया जाए। जिसमें औषधीय पौधों से लेकर और निमाड़ क्षेत्र के पारंपरिक वन क्षेत्र में पाए जाने वाले वृक्ष यहां पर लगाए जाए। ताकि लोगों को वृक्षों और प्राणियों के बारे में जानकारी हासिल हो सके। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि प्रकृति की गोद में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव भी प्रदान करेगा। इस दौरान नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, नपा उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, पार्षद रजनी भंडारी, नरहरी दागी, रेंजर धर्मेद्र राठौड़, आशीष सोनी, कमल जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Views Today: 8

Total Views: 224

Leave a Reply

error: Content is protected !!