Skip to content
Monday, 2 November 2026
देवास

दिन दहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

2 min read
Text Size:

 

–रुपए के लेनदेन को लेकर वारदात को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस  

शेखर कौशल, देवास। बस स्टेण्ड के पीछे स्थित कुम्हार गली में शनिवार दोपहर खौफनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। यहां 30 वर्षीय आनंद उर्फ छोटू कहार की हत्या गोली और धारदार हथियार से की गई। आरोपियों ने उसे ऑटो डीलर के ऑफिस में बुलाया था। घटना के बाद इलाके के साथ शहरभर में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि भेरूगढ़ निवासी आनंद और रूपेश कहार के बीच पुराने लेनेदन को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। शनिवार को आनंद कुम्हार गली स्थित रूपेश कहार के ऑफिस पहुंचा था। यह मुलाकात खूनी खेल में तब्दील हो गई। ऑफिस में पहले आनंद को गोली मारी गई। आनंद जान बचाकर भागा तो सड़क पर आरोपियों ने धारदार हथियार से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या किसने की यह पुलिस की जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा। इधर घटना की खबर आग की तरह फैली और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीएसपी दिनेश अग्रवाल और कोतवाली थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं।

मृतक के भाई प्रभु कहार ने बताया कि हमें किसी ने फोन पर घटना की जानकारी दी और हम तुरंत मौके पर पहुंचे। आनंद को आटो में जिला चिकित्सालय लेकर गए, लेकिन थोड़ी देर में उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले आनंद ने बताया कि रूपेश कहार ने मुझे गोली मारी और जब में वहां से भागा तो सोनू रायकवार व उसके साथियों ने तलवार व हथियारों से मुझ पर वार किया। आनंद अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गया। मृतक का छह माह का बेटा व साढ़े तीन साल की बेटी है। आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। घटना के बाद कुम्हार गली में भय का माहौल नजर आया। सीएसपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि हत्या का कारण पुराना लेनदेन है। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि विवाद लंबे समय से चल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।

306 Views
What do you think?

Leave a Reply