अब दिल्ली से होगा बीजेपी जिलाध्यक्षों का फैसला

 

दर्जन भर जिलों में फंसा पेंच

  -सागर, धार में दो जिले बनाने पर विचार

अनोखा तीर, भोपाल। मप्र भाजपा में जिलाध्यक्षों का चुनाव पार्टी के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। सागर, ग्वालियर, धार समेत कुछ जिलों में बड़े नेताओं के दबाव के चलते जिलाध्यक्ष तय नहीं हो पा रहे हैं। यही स्थिति रीवा, इंदौर, जबलपुर व कुछ अन्य जिलों को लेकर भी है। पार्टी अब दिल्ली में जिलाध्यक्ष तय करेगी। इसके लिए पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री, हितानंद शर्मा आज शाम दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली में मप्र संगठन चुनाव की पर्यवेक्षक सरोज पांडेय, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ चर्चा बाद जिलाध्यक्षों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सीएम हाउस की बैठक में भी नहीं निकला समाधान

सर्वाधिक दबाव सागर जिले को लेकर है। यहां बीजेपी के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, गोविंद राजपूत, शैलेंद्र जैन अपने-अपने करीबियों को जिलाध्यक्ष बनाना चाहते हैं। कमोबेश यही स्थिति धार को लेकर भी है। जानकारों की मानें तो पार्टी इन जिलों को दो हिस्सों में बांटने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। ऐसा होता है तो पार्टी में जिलों की संख्या में भी इजाफा होगा। सोमवार सुबह सीएम हाउस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और सीएम डॉ. मोहन यादव के बीच लंबी बैठक हुई। लेकिन, जिलाध्यक्षों को लेकर समाधान नहीं निकल पाया। अब मामला दिल्ली में सुलझाने की कोशिश होगी।

तो बढ़ेंगे संगठनात्मक जिले

सागर में दो जिले बनते हैं तो पहले में रहली, देवरी और बंडा विधानसभा व दूसरे में सुरखी, सागर, खुरई, बीना, नरयावली विधानसभा को मिलाकर अलग-अलग संगठनात्मक जिले होंगे। इसी तर्ज पर धार में भी दो जिले बनाने की तैयारी है। धार जिले में भी सात विधानसभा क्षेत्र सरदारपुर, गंधवानी, कुक्षी, मनावर, धरमपुरी, धार व बदनावर हैं। ग्वालियर, इंदौर, रीवा, निवाड़ी, सिंगरौली में भी स्थानीय नेताओं के बीच जिलाध्यक्षों को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। पार्टी नेताओं ने दो दिन तक जिलाध्यक्षों के नामों को लेकर रायशुमारी की। तीन-तीन नामों के पैनल बनाए गए। बताया जताया है कि पार्टी ने 60 में से करीब 45 जिलों में सिंगल नाम पर मुहर लगा दी है, लेकिन शेष के फेर में बाकी जिले भी अटके हुए हैं।

प्रदेशाध्यक्ष के लिए भी दौड़ शुरू

बीजेपी जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी होने के बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए भी दौड़ शुरू हो गई है। इस रेस में शामिल पूर्व गृह मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह भी दिल्ली रवाना हुए हैं। वे दिल्ली में दिग्गजों से मुलाकात करेंगे।

Views Today: 4

Total Views: 210

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!