24 जून तक दस्तक दे सकता है मानसून, सीहोर में झमाझम, भोपाल और इंदौर के साथ अनेक शहरों में बारिश

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर भोपाल:-अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मानसूनी हलचल शुरू होने के संकेत मिले है, जिसके चलते 2 दिन बाद मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 24 जून तक मध्य प्रदेश में भी मानसून के आने की उम्मीद है।

वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आ रही है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है। सीहोर में दो घंटे में चार इंच बारिश हुई।

शुक्रवार सुबह राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, उज्‍जैन, रतलाम, शाजापुर, रायसेन आदि‍ शहरों में बारिश हुई है। कल रात भी कई स्‍थानों पर मौसम का मिजाज बदला और बारिश हुई।

मप्र के इन जिलों में हल्की बारिश

इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बालाघाट में 78.3, शहडोल में 46, दतिया में 35, अनूपपुर में 26.4, निवाड़ी में 25, डिंडौरी में 24, सिवनी में 20, धार में 19, भिंड में 18, गुना में 14, विदिशा में 10.2, रायसेन में 10, राजगढ़ में आठ, खंडवा में सात, बड़वानी में पांच, इंदौर जिले में चार मिलीमीटर वर्षा हुई।

गरज चमक के साथ हो सकती है बौछार

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार-शुक्रवार को भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विशेषकर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल, सागर संभाग के जिलों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान पर बना हुआ है। पंजाब पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तरी गुजरात पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने के साथ ही हवाओं का रुख भी दक्षिणी बना हुआ है। हवाओं के साथ लगातार नमी आ रही है। इस वजह से पूरे प्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आ गई है।

गरज-चमक के साथ अधिकतर शहरों में रुक-रुककर बौछारें पड़ रही हैं। भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल, सागर संभाग के जिलों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

इंदौर शहर में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज बदला और मानसून पहले ही बारिश का दौर आरंभ हो गया। अभी दोपहर में गर्मी की तीव्रता बरकरार है। हालांकि रात में गर्मी से राहत है। गुरुवार को दोपहर में बादल भी छाए थे।

दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.4 डिग्री दर्ज किया। वही दिन में हवाओं का रुख पश्चिमी व दक्षिण पश्चिमी रहा और हवाओं की अधिकतम गति 25 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।

न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार शहर में बादल के तेज हवाएं चलने के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।

अगले तीन से चार दिन तक शहर में यह स्थिति बरकरार रहेगी। इंदौर में 26 जून के बाद ही मानसून के आने की संभावना है। हालांकि इसके पूर्व शहर में हल्की वर्षा व गरज-चमक की स्थिति देखने को मिलेगी।

Views Today: 2

Total Views: 296

Leave a Reply

error: Content is protected !!