कांग्रेस में भगदड़ … कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। हरदा में कांग्रेस को उस समय जोरदार झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाशचन्द्र वशिष्ठ की भाजपा में जाने की खबरों पर आखिरकार शनिवार को मुहर लग गई। श्री वशिष्ठ के साथ कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के समर्पित नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर अपनी आस्था जताई है। मुख्यालय पर भाजपा के वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री एवं म.प्र प्रभारी महेन्द्र सिंह की मौजूदगी तथा पूर्व मंत्री कमल पटेल ने नेतृत्व में प्रकाश गुरू समेत करीब 40 पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता के साथ उनके खास समर्थकों ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल, प्रदेश प्रभारी श्री सिंह, सांसद डीडी उइके, पूर्व मंत्री श्री पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का फूलमाला एवं भगवा दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से नए सदस्यों का जोरदार अभिवादन किया गया। इस दौरान पार्टी छोड़ने के सवाल पर प्रकशचन्द्र वशिष्ठ ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह ध्वस्त है। ये हालात केन्द्र से लेकर प्रदेश व जिला स्तर पर भी व्याप्त हैं। यही कारण है कि कांग्रेस साल दर साल बिखरती जा रही है। फलस्वरूप हाल ही में कई प्रमुख नेता मान-सम्मान के रक्षार्थ कांग्रेस का हाथ झटक चुके हैं। ऐसा ही कुछ यहां पर भी हुआ। जब, बिना नोटिस और बिना कोई बातचीत के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। जिसके चलते समर्थकों के अलावा पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके पीछे मजबूत टीम, क्षेत्र में गहरी पैठ और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता भी एक वजह रही है, जो कि वर्तमान कर्ता-धर्ताओं को खल रहा था। उन्होंनें यह भी कहा कि कांग्रेस के इस फैसले से आहत पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने पहले कांग्रेस से त्याग पत्र दिया, वहीं अब पार्टी को छोड़ना तय कर लिया। ये सब टीम भावना व सबको साथ लेकर चलने की कार्यशैली से संभव हुआ है। जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ युवा तथा अल्पसंख्यक समेत अन्य वर्ग के साथियों का निरंतर समर्थन मिला है।

इन्होंनें छोड़ा कांग्रेस का हाथ  

प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ नेता प्रकाशचंद्र वशिष्ठ के साथ उनके खास सहयोगी एवं साथियों ने पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन की है। जिनमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक नेगी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष इकलाख चौहान, कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम तेनगुरिया, पूर्व कोषाध्यक्ष रजनीश अग्रवाल लड्डू सेठ, भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुरेश विश्नोई तथा युवा चेहरों में आकाश जैन, आमीन खान, प्रशांत आंजने, अमन, नितिन पचौरी, राजू वाधवा, गौरव जाट, रोहित सेन, नितिन भद्रेले, अखिलेश शर्मा, पुनीत कुमार, पूर्व पार्षद साहिर खान एवं अनिल श्रोती, बनवारीलाल भाटी बालागांव समेत अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

जोड़ने से ज्यादा टूट रहे लोग

इधर, कांग्रेस के पुराने व अनुभवी नेताओं के इस फैसले के बाद यहां चर्चा का बाजार गर्मा गया है, वहीं फैसले पर कड़े फैसले के कारण अब कई बिन्दूओं पर सवाल उठ रहे हैं। लोग यहां तक कह रहे है कि विस चुनाव में करारी हार और ऊपर से लोकसभा चुनाव की आहट के मध्य ऐसे फैसलों से फायदा व नुकसान के गणित को बल मिलता है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेस वर्तमान में कमाने से ज्यादा गवां रही है। इसका मतलब यह कि नए लोगों को जोड़ने के बजाय अपने पुराने लोगों को खो रही है, जो सीधे तौर पर नुकसानी का संकेत है। खासकर तब, जब सत्तारूढ़ भाजपा कांग्रेस के नाराज नेताओं को साथ लेकर मुख्यधारा से जोड़ने में पीछे नहीं है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस टूटे व बिखरे लोगों को एकजुट करने या यूं कहें कि भटके अथवा बहके हुए नेताओं को साधने की पहल तक नही कर रही है।

कार्यकर्ताओं के कांधे पर पार्टी का जनाधार : शुक्ल  

इधर, भाजपा के वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन में पधारे उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि देश को नई दिशा प्रदान करने के वाले लोकसभा चुनाव में एक-एक कार्यकर्ता की भूमिका अपेक्षित है। पन्ना प्रभारियों से लेकर बूथ प्रभारी अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएं। वहीं मतदाताओं को लोकसभा चुनाव का महत्व बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यो केा जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं समेत विकास कार्यो से लोगों को अवगत कराएं। उत्तरप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि संगठन का कामकात चुस्त-दुरूस्त है। इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी इस बात पर मुहर लगाती है कि कार्यकर्ता अपने दायित्वों के प्रति मुस्तैद हैं। परंतु , इन सबके बावजूद पार्टी ने अलग-अलग स्तर पर कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन तथा त्वरित सहयोग की दिशा में पुख्ता रूपरेखा तैयार की है। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए पूरे तन और मन से जुटने की बात कही है। इस मौके पर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प पर जन-जन विश्वास जता रहा है। वहीं अपने विश्वास को मत के रूप में तब्दील कर भाजपा को एतिहासिक जीत दिलाएंगे। श्री पटेल ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं सांसद डीडी उइके की उपस्थित में यह भरोसा दिलाया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिले की दोनों सीट से डेढ़ लाख वोट की लीड़ दिलाएंगे। उन्होंनें भाजपा की रीति-नीति पर ्रप्रकाश डालते हुए कहा कि यही एक दल है, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता को उसकी काबिलियत के बूते प्रतिनिधित्व का मौका मिलता है। इसके एक या दो नही बल्कि अनेक उदाहरण मौजूद हैं। श्री पटेल ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता से लेकर प्रधान सेवक तक सभी देश के प्रति तटस्थ हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, संासद डीडी उइके और पूर्व विधायक संजय शाह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं के अलावा लोकसभा प्रभारी भरत सिंह राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जोशी, जिपं अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोद, नपाध्यक्ष भारती कमेडिया, महामंत्री देवीसिंह सांखला, सिद्धार्थ पचौरी, टिमरनी नप अध्यक्ष देवेन्द्र भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।

Views Today: 2

Total Views: 392

Leave a Reply

error: Content is protected !!