प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस की रिपोर्ट तैयार, आचार संहिता से पहले घोषित होंगे उम्मीदवार

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर भोपाल:-कांग्रेस लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पहले कुछ प्रत्याशी घोषित कर सकती है। इसके लिए 29 लोकसभा सीटों के लिए नियुक्त समन्वयकों ने पार्टी पदाधिकारियों से रायशुमारी कर रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह को सौंप दी है। अधिकतर सीटों पर दो से अधिक नाम सामने आए हैं। इस रिपोर्ट को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया जा रहा है।

दिल्‍ली में होगी एक और बैठक

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद दिल्ली में एक बार और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें नामों को अंतिम रूप देकर केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि छिंदवाड़ा और बैतूल लोकसभा क्षेत्र ही ऐसे हैं, जहां चुनाव लड़ने के लिए एक-एक नाम ही प्रस्तावित हैं। जबलपुर में भी पहले यही स्थिति थी। यहां से महापौर जगत बहादुर सिंह को चुनाव लड़ाने पर एक राय थी लेकिन वे भाजपा में शामिल हो गए।

समन्वयकों ने लोकसभा क्षेत्रों में जाकर जिला और ब्लाक इकाई, वर्तमान और पूर्व सांसद-विधायक, जिला व जनपद पंचायत के निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ सहयोगी संगठनों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों से चर्चा के बाद संभावित प्रत्याशी को लेकर रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस को सौंपी है, जो प्रदेश प्रभारी को दी गई है।

16 लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं से की चर्चा

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी 16 लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं से चर्चा कर चुके हैं। अब समन्वयकों की रिपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श कर प्रत्येक सीट के लिए एक नाम स्क्रीनिंग कमेटी में रखने की तैयारी की जा रही है ताकि प्रत्याशी जल्द घोषित हो जाएं।

सभी नेताओं का कहना भी यही है कि प्रत्याशी जल्द घोषित कर दिए जाएं, ताकि उन्हें काम करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। उधर, जितेंद्र सिंह कहना है कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही केंद्रीय संगठन द्वारा नाम घोषित होंगे।

216 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!