सागर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की गोलीबारी में घायल हुए बंडा के ग्राम क्वायला गांव के सैनिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनके बलिदान होने की सूचना मिलते ही सागर के बंडा ब्लाक के ग्राम क्वायला में मातम छा गया।
उनका सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। राजेश यादव के भाई महेश ने बताया कि राजेश यादव का सागर में आयोजित खुली भर्ती में भारतीय सेना में चयन हुआ था। जिसके बाद उनकी अलग-अलग स्थानों पर पोस्टिंग रही। इस समय वह लेह में पदस्थ थे। जहां आतंकवादियों की गोलीबारी में गोली लगने से घायल हुए थे।
उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। इलाज के दौरान राजेश यादव ने अंतिम सांस ली। राजेश क्वायला निवासी किस्सू पिता काशीराम यादव के पुत्र थे। दो भाई दो बहनों में राजेश सबसे बड़े थे। उनका विवाह शाहगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोमदपुर में हुआ था। राजेश का एक पुत्र और एक पुत्री है।

