उज्जैन। नए साल पर महाकालेश्वर में दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रशासन का अनुमान है कि करीब 10 लाख लोग उज्जैन आएंगे। इसको लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत 12 मार्गों को प्रतिबंधित किया गया है तो वहीं 10 स्थानों पर वाहनों की पार्किंग बनाई गई है।
इन स्थानों पर रख सकेंगे वाहन
इंदौर, देवास एवं मक्सी की ओर से आने वाले वाहन हरिफाटक चौराहा होते हुए जंतर-मंतर पुल टर्निंग से होकर कर्कराज पार्किंग एवं भील समाज धर्मशाला पार्किंग में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। पार्किंग भर जाने के बाद हरिफाटक हाट बाजार, मन्नत गार्डन एवं इम्पीरियल होटल के पीछे की पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे।
इसी प्रकार बड़नगर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज के नीचे, भेरूपुरा तिराहे के पास, नागदा की ओर से आने वाले वाहन साडू माता की बावडी, कुत्ता बावड़ी टर्निंग से रातडिया रोड से तेली समाज मैदान में पार्क होंगे। आगर से आने वाले वाहन जूना सोमवारिया से सदावल मार्ग पर राठौर क्षत्रिय तेली समाज मैदान में पार्क होंगे।
इमरजेंसी में प्रशांतिधाम चौराहा पर होगी पार्किंग
टीआइ दिलीपसिंह परिहार के अनुसार महाकाल मंदिर व आसपास के क्षेत्रों की पार्किंग भरने के पश्चात प्रशांतिधाम चौराहा के पास और शनि मंदिर मैदान इमरजेंसी पार्किंग के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।
इन मार्गों पर रहेंगे वाहन प्रतिबंधित
हरिफाटक टी से महाकाल घाटी चौराहा की ओर वाहनों का प्रवेश 31 दिसंबर की शाम चार बजे से पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हरिफाटक टी से इंटरप्रिटेशन की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जंतर-मंतर से जयसिंहपुरा, चारधाम पार्किंग की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। शंकराचार्य चौराहे से नृसिंहघाट की ओर, शंकराचार्य चौराहे से दानीगेट की ओर, भूखी माता टर्निंग से नृसिंहघाट की तरफ वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दौलतगंज से लोहे का पुल तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
Views Today: 2
Total Views: 94

