प्रधानमंत्री मोदी ने तबला वादन में विश्‍व रिकार्ड पर दी बधाई, तानसेन समारोह को संगीत के लिए बताया सराहनीय प्रयास

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में आयोजित तानसेन समारोह की सराहना की है। सीएम मोहन यादव के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, भारतीय संगीत को नई ऊंचाई पर ले जाने का ये प्रयास अत्यंत सराहनीय है। तबला वादन में गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के लिए पीएम ने बधाई दी है।

बता दें तानसेन समारोह दूसरे दिन सर्द हवाओं के बीच ग्वालियर दुर्ग पर हुए विशेष तबला दरबार में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित देश भर से आए 1500 तबला वादकों ने एक सुर और एक ताल पर अपनी उंगलियों से जादू बिखेर कर विश्व रिकार्ड बना दिया। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने इस अवसर पर मौजूद मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को सर्टिफिकेट सौंप कर तबला दरबार को ऐतिहासिक पन्नों में दर्ज कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1500 तबला वादकों ने ग्वालियर में संगीत कुंभ का नजारा दिखा दिया। मेरा आना सफल रहा, कार्यक्रम में शामिल होकर मैं धन्य हो गया। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश में तबला दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा भी की। मधुर संगीत से भरा तबला दरबार ‘अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी’ द्वारा आयोजित किया गया था। तानसेन समारोह का हिस्सा बने इस अविस्मरणीय कार्यक्रम का निर्देशन और कंपोजिशन मशहूर तबला वादक सलीम अल्लाह वाले ने किया। तबला वादकों ने लगभग 30 मिनट तक तबले की ताल से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

मुख्यमंत्री ने सिंधिया को कहा – महाराज

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मंच से महाराज कहकर संबोधित किया। हालांकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस में सार्वजनिक रूप से महाराज कहकर ही संबोधित किया जाता था, लेकिन उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें राजनीतिक तौर पर महाराज नहीं पुकारा गया।

121 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!