उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में साल के आखिरी सप्ताह में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। देशभर से भक्त भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने का अनुमान है। मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों को टनल व सभा मंडप के रास्ते मंदिर में प्रवेश देकर कार्तिकेय व गणेश मंडपम से भगवान के दर्शन कराए जा रहे हैं।
मंदिर के भीतर दर्शन व्यवस्था सुगम है। श्रद्धालुओं को समूह में सतत चलायमान व्यवस्था से दर्शन कराने के कारण भीड़ एक स्थान पर रुक नहीं पा रही है। दर्शनार्थी चलते-चलते भगवान महाकाल के दर्शन करते हुए मंदिर से बाहर निकल रहे हैं। लेकिन महाकाल मंदिर के बाहर यातायात व्यवस्था ध्वस्त है।

यातायात की सुगमता के लिए यह होना चाहिए
उज्जैन में हरसिद्धी मंदिर चौराहा से त्रिवेणी संग्रहालय तक मार्ग के एक हिस्से से प्रवेश चालू रखें। l हरसिद्धि से नृसिंह घाट पहुंच मार्ग से दुकान का अतिक्रमण व फूलपत्ती की दुकानें हटाएं ताकि आवागमन सुगम होगा।
महाकाल मंदिर के मुख्य द्वार के सामने अपना स्वीट्स से बड़े गणेश की ओर हरसिद्धि चौराहा तक रास्ते के एक हिस्से को पैदल यात्री तथा दो पहिया वाहनों के लिए फ्री रखें। इससे यात्री सुविधा पूर्वक महाकाल महालोक, हरसिद्धि, शिप्रा तट व नृसिंह घाट तक सुविधा से आवागमन कर सकेंगे।
अपना स्वीट्स व गोपूबालेश्वर मंदिर की गलियों को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक है। यहां रिक्क्षा चालकों ने पार्किंग बना रखी है। इससे भी यातायात प्रभावित हो रहा है।

