जबलपुर। मौसम विभाग के अनुसार अभी 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। धूप के बीच बादल आते जाते रहेंगे। वहीं 23 दिसंबर को मौसम में तेजी से बदल सकता है बादल गहरा सकते हैं जिससे बढ़ती ठंड का असर भी कुछ कम होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के पास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के उत्तर भारत के आसपास सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से हवा के साथ नमी आने के कारण बादल गहरा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी, लेकिन रात का तापमान बढ़ने लगेगा।
बादलाें की आवाजाही के बावजूद दिन भर सर्द हवा
बढ़ती ठंड पर पश्चिमी विक्षोभ का साया रहा। आसमान पर बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकल रही। बादलाें की आवाजाही के बावजूद दिन भर सर्द हवा लोगों को सिहराती रही। बादल भी ठंड का गुरूर नहीं तोड़ पाए। धूप में रहने पर जरूर ठंड से राहत मिलती पर घरों के भीतर रहने पर गलाव वाली ठंडक महसूस की गई। वहीं शाम को बादल हटते ही उत्तरी पश्चिमी हवा के जोर से ठंड का अहसास बढ़ गया। रात में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
रात पारा एक डिग्री बढ़ा पर ठंड रही बरकरार
पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में ठंड असर दिखा रही है। धूप, बादलों की रस्साकशी के बीच दिन का तापमान जहां दिन और पारे में आंशिक रूप से बढ़ोतरी हुई वहीं ठंड का असर बरकरार रहा। अधिकतम तापमान 23.7 और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लेकिन वातावरण में घुली बर्फीली ठंडक लोगों को दिन रात झकझोरती रही।
Views Today: 2
Total Views: 84

