सोने के सिक्के कांड में गुजरात पुलिस की एंट्री, पूछताछ के लिए पहुंची

schol-ad-1

 आलीराजपुर, सोंडवा- थाना क्षेत्र के गांव बेजड़ा में चार पुलिसकर्मियों द्वारा एक घर से ब्रिटिश काल के सोने के 240 सिक्के चुराने के मामले में आलीराजपुर पुलिस की जांच ठहरी सी है। इस बीच अब इस प्रकरण में जांच को लेकर गुजरात पुलिस की एंट्री हो गई है।

पूछताछ के लिए पहुंची गुजरात पुलिस टीम

गुजरात पुलिस की एक टीम यहां फरियादी महिला से पूछताछ के लिए आई। हालांकि जांच टीम को महिला घर पर नहीं मिली। सूत्र बताते हैं कि पूछताछ के बाद बाद इस मामले में गिरफ्तारी भी संभव है। फिलहाल स्थानीय पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

थाना क्षेत्र के ग्राम बेजड़ा निवासी महिला रमकुबाई भयड़िया ने पुलिस को शिकायत में कहा था कि वह अपने जेठ की बहू के साथ गुजरात में नवसारी के पास ग्राम बिलीमोरा में मजदूरी करने गई थीं। वहां एक मकान में काम करते समय उन्हें सोने के 240 सिक्के मिले थे। यह सिक्के लेकर वे अपने गांव आ गईं। यहां आकर उन्होंने सारे सिक्के अपने घर में गाड़ दिए थे।

गांव में फैल गई थी खबर

हालांकि यह खबर गांव में तेजी से फैल गई। इस पर चार पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और धमकाया। इसके बाद घर में जगह-जगह खुदाई कर सिक्के अपने साथ लेकर चले गए। जब गांववालों को यह बात पता चली तो उन्होंने स्थानीय नेताओं के साथ थाने आकर प्रदर्शन किया था।

निलंबन के बाद केस दर्ज

प्रारंभिक जांच के बाद सोंडवा के तत्कालीन थाना प्रभारी विजय देवड़ा, प्रधान आरक्षक सुरेश चौहान, आरक्षक राकेश व वीरेंद्रसिंह को निलंबित कर चारों के ऊपर केस दर्ज किया गया था। करीब एक महीने बाद चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से चारों को जेल भेज दिया था। पूरे मामले की जांच के लिए एसआइटी भी गठित की गई थी। पुलिस अब तक आरोपितों से सिक्के बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस ने ब्रेन मैपिंग, पोलीग्राफ व नारकोटिक जांच के लिए भी आवेदन दाखिल किया था। हालांकि बाद में आरोपित तकनीकी जांच से मुकर गए थे। इसके बाद से ही पुलिस की जांच शिथिल सी है।

अब गुजरात पुलिस ने शुरू की अपनी पड़ताल

बताया गया है कि गुजरात के एक घर से सिक्के निकालकर यहां लाने के मामले में गुजरात पुलिस भी अपनी जांच कर रही है। इसी सिलसिले में पुलिस की एक टीम यहां फरियादी रमकुबाई से पूछताछ के लिए आई थी। महिला घर पर नहीं मिली है। इस केस में अब मप्र पुलिस के बाद गुजरात पुलिस की जांच से एक नया मोड़ आ सकता है।

जांच के बीच ही यह केस भी आया था सामने

इस बहुचर्चित मामले में फरियादी महिला को जबरन कुक्षी ले जाने और वहां सोने के सिक्के कांड के आरोपितों के हित में जबरन कागज पर अंगूठे लगवाने का मामला भी सामने आया था। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

1922 को टकसाल में ढले सिक्के, ब्रिटेन के सम्राट का चित्र

जांच के दौरान फरियादी महिला को खोदी गई जगह पर मिट्टी में एक सिक्का मिला था, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया था। जांच में एक सिक्के का वजन 7.99 ग्राम पाया गया था। एक सिक्के की कीमत करीब 44 हजार रुपये बताई गई। सिक्के अंग्रेजों के शासन काल के समय 1922 के हैं। इस पर ब्रिटेन के सम्राट रहे जार्ज पंचम का चित्र है।

Views Today: 2

Total Views: 44

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!