Skip to content
Saturday, 24 October 2026
मध्य प्रदेश

साजिश रच बहु ने ही करवाई सास की हत्या, 48 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

3 min read
Text Size:

-परासिया पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

अनोखा तीर, छिंदवाड़ा। परासिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना का पर्दाफाश हुआ है। अपनी ही सास की हत्या की साजिश में शामिल बहू कल्पना सनोडिया सहित पांच लोगों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
घटना का विवरण
5 अगस्त को परासिया के वार्ड नंबर 16, न्यू चीफ हाउस में रहने वाली 66 वर्षीय विमला बाई सनोडिया पत्नी स्व. द्वारका प्रसाद सनोडिया खून से लथपथ अवस्था में अपने घर के सोफे पर मृत पाई गईं। उनके गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। पास ही खून का बड़ा धब्बा था और किचन में रखी गोदरेज अलमारी खुली मिली, जिससे लूट की आशंका और हत्या की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया।
जांच और खुलासा
पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता एवं एसडीओपी जितेंद्र जाट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल, डॉग स्क्वाड एवं फिंगरप्रिंट टीम के सहयोग से घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां एवं एक मोटरसाइकिल नजर आई। जांच में यह सामने आया कि मृतिका की बहू कल्पना सनोडिया निवासी भोपाल का दूर का भतीजा अभिषेक श्रीवास्तव निवासी चांदामेटा घटना में शामिल है। भोपाल में रहने के दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ था। कल्पना ने अभिषेक को उधार में पैसे दिए थे, जिसे वह लौटा नहीं पाया। इसी कारण कल्पना और अभिषेक ने मिलकर विमला बाई के साथ लूट व हत्या की योजना रची।


हत्या की साजिश और अंजाम
4 अगस्त को अभिषेक ने अपने साथियों रहीम, भूरा उर्फ जुबैर और नाहिद के साथ मृतिका के घर की रेकी की। अगले दिन 5 अगस्त को अभिषेक, रहीम और भूरा ने मिलकर घर में घुसकर विमला बाई की गला रेतकर हत्या की और आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए।
गिरफ्तारी और कार्रवाई
गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें  अभिषेक पिता राजेश श्रीवास्तव, वार्ड 15, दरगाह चौक, चांदामेटा, कल्पना सनोडिया राजकुमार सनोडिया, निवासी सर्वधर्म कॉलोनी, कोलार भोपाल, रहीम पिता मेहबूब शाह, निवासी मांग मोहल्ला, तिलक वार्ड बैतूल, भूरा उर्फ जुबैर पिता इस्माइल खां, निवासी तिलक वार्ड बैतूल, नाहिद पिता इरशाद अहमद, निवासी तिलक वार्ड, बैतूल को गिरफ्तार किया है।  इस जघन्य अपराध के खुलासे में परासिया थाना, चांदामेटा थाना, रावनवाड़ा (शिवपुरी), उमरेठ, जुन्नारदेव थाना, साइबर सेल एवं कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा इन टीमों को पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

660 Views
What do you think?

Leave a Reply