साइट बंद होने से नहीं हो सके पंजीयन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-आखिरी तारीख होने से समिति केंद्र पर लगी किसानों की भीड़
अनोखा तीर, मसनगांव। शासकीय खरीदी में गेहूं बिक्री के लिए किए जा रहे पंजीयन की साइट बंद होने से किसानों के पंजीयन कार्य अटक गए। प्रदेश सरकार द्वारा 7 फरवरी से पंजीयन कार्य शुरू किया गया था, लेकिन गिरदावरी अपडेट नहीं होने के कारण 24 फरवरी से ही पंजीयन का कार्य शुरू हो पाया। इस बीच रविवार और होली की छुट्टी होने से भी किसानों के पंजीयन नहीं हो सके। 7 मार्च अंतिम तिथि होने के कारण 5 और 6 मार्च को बड़ी संख्या में किसान समिति केंद्र पर पहुंचे, लेकिन साइट नहीं चलने से पंजीयन का काम नहीं हो पाया। प्रदेश में शासन द्वारा 7 फरवरी से 7 मार्च तक गेहूं उपार्जन के पंजीयन की तिथि तय की गई थी, जबकि राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी का कार्य 28 फरवरी तक पूरा किया गया। इसके कारण किसानों को पंजीयन के लिए कई बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़े, फिर भी आधे से अधिक किसानों का गेहूं फसल का पंजीयन नहीं हो पाया। ग्राम की समिति में करीब 1300 किसानों के पंजीयन होना थे, जिनमें से लगभग 775 किसानों के ही पंजीयन हो पाए हैं। इनमें गेहूं के साथ चना और सरसों की फसल भी शामिल है। डोमनमऊ के किसान गया प्रसाद विश्नोई ने बताया कि पंजीयन कार्य देरी से शुरू होने के कारण किसानों को उपज बिक्री के लिए पंजीयन कराना भारी पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से किसान केंद्र पर पहुंच रहे हैं, लेकिन कभी साइट धीमी चलती है तो कभी बंद रहती है, जिससे पंजीयन नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में शासन को पंजीयन की तिथि आगे बढ़ानी चाहिए, जिससे क्षेत्र के सभी किसानों को उपज बिक्री के लिए पंजीयन की सुविधा मिल सके। शासन द्वारा गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की सुविधा 7 मार्च तक रखी गई है, वहीं सरसों और चना के पंजीयन के लिए 30 मार्च अंतिम तिथि तय की गई है। जिन किसानों के खेतों में अलग-अलग फसलें हैं, उन्हें दोबारा केंद्रों पर जाकर पंजीयन कराना पड़ रहा है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति के सहायक प्रबंधक अखिलेश पाटिल ने बताया कि साइट धीमी होने के कारण पंजीयन करने में दिक्कत आ रही है। अब तक करीब 800 पंजीयन हो चुके हैं। 7 मार्च अंतिम तिथि है, यदि शासन द्वारा तिथि बढ़ाई जाती है तो आगे गेहूं के पंजीयन हो सकेंगे।

Views Today: 10

Total Views: 10

Leave a Reply

error: Content is protected !!