Skip to content
Thursday, 29 October 2026
भोपाल

276 करोड़ से बनेगा विश्व स्तरीय बिजनेस पार्क, पांच हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

3 min read
Text Size:

भोपाल- मप्र के कारोबारियों और उद्यमियों को अब एक छत के नीचे देश-विदेश के उद्योपतियों और व्यापारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय करोबार की सारी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी में विश्वस्तरीय बिजनेस पार्क का निर्माण किया जाएगा। इस 11 मंजिला भवन में 140 करोड़ रुपये लागत आएगी, जबकि पूरी परियोजना पर 276 करोड़ रुपये खर्च होना है। इस बिजनेस पार्क में व्यापारियों को बैंक, पोस्ट आफिस, एटीएम, कैफेटेरिया, पुस्तकालय और कन्वेंशन सेंटर समेत अन्य सुविधाएं मिलेगी। साथ ही इसके शुरु हाेने के बाद यहां पांच हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

स्मार्ट सिटी में बनने वाले बिजनेस पार्क काे बनने में दो वर्ष का समय लगेगा। खास बात यह है कि यहां कंपनियों को जगह के साथ अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। इसमें अत्याधुनिक प्रदर्शनी सभागार, दावत कक्ष, सभा गृह, वित्तीय केंद्र, आधुनिक जिम, होटल, भोजन एवं पेय पदार्थ विक्रय केंद्र एवं खुदरा सेवाओं जैसी स्वतंत्र एवं आपसी रूप से लाभदायक कई सुविधाएं होंगी। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि कंपनियों को यहां सिर्फ अपना फर्नीचर लेकर आना होगा। अन्य सुविधाएं हाउसिंग बोर्ड उपलब्ध कराएगा। इसके जरिए निवेश, कौशल उन्नयन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। निर्यात से जुड़े व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इतना ही नहीं उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार और राज्य की अलग पहचान बनेगी।

54 करोड़ में खरीदी जमीन

बिजनेस पार्क के लिए हाउसिंग बोर्ड ने स्मार्ट सिटी से माडल स्कूल के पास 54 करोड़ रुपये में करीब डेढ़ एकड़ का एक प्लाट खरीदा है। यह 78 हजार स्क्वायर फीट पर बनेगा, जबकि 18 हजार स्क्वायर फीट जमीन खाली रहेगी। इस प्लाट के लिए हाउसिंग बोर्ड ने कलेक्टर गाइड के अलावा विकास शुल्क व कार्नर प्लाट का चार्ज अलग से चुकाया है।

तीन एकड़ में बनेगी पार्किंग

बिजनेस पार्क 11 मंजिला होगा, इसमें 25,833 से लेकर 30,278 स्क्वायर फीट के 12 कार्यालय होंगे। सिर्फ पार्किंग के लिए तीन बड़े बेसमेंट बनाए जा रहे हैं। हर एक पार्किंग बेसमेंट 46,116 स्क्वायर फीट में होगा यानी पार्किंग के लिए कुल 1.35 लाख स्क्वायर फीट(तीन एकड़) जगह होगी।

सेंट्रलाइज एसी व वाईफाई की सुविधा

इस बिजनेस पार्क के टेरेस फ्लोर पर 25 हजार स्क्वायर फीट में आउटडोर सीटिंग रेस्टोरेंट होगा। इस भवन में 11 लिफ्ट लगाई जाएगी। साथ ही पूरे भवन में सेंट्रलाइज एयर कंडीशन सिस्टम लगाया जाएगा। वहीं कार्यालयों में वाईफाई व डीजी सेट की सुविधा होगी।

पर्यावरण संरक्षण का रखेंगे ध्यान

अधिकारियों ने बताया कि इस भवन के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखा जाएगा। बिजली पर निर्भरता कम करने के लिए सौर्य ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए छत पर सोलर पैनल लगेंगे। वहीं वर्षा के पानी का संचयन करने के लिए रुफ वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। जबकि कार्यालयों से निकलने वाले सीवेज के लिए एसटीपी का निर्माण भी किया जाएगा।

121 Views
What do you think?

Leave a Reply