आज घर-घर होगा गणेशजी का आगमन, शुभ मुहूर्त में होगी स्थापना

schol-ad-1

इंदौर- शुभ संयोग में रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की स्थापना मंगलवार को की जाएगी। शहर, गली-मोहल्लों, कालोनियों और चौराहों पर विघ्नहर्ता की दो से लेकर 25 फीट तक की मूर्तियां विराजित की जाएंगी। कहीं भगवान के 108 अलग-अलग स्वरूप नजर आएंगे तो कहीं लालबाग के राजा की तरह दिखाई देंगे। महाकाल मंदिर की प्रतिकृति भी नजर आएगी। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी हर दिन होंगे और सामाजिक सरोकार की पहल की जाएगी। इसके साथ ही शहर के गणेश मंदिरों में भी दस दिनी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

बड़ा गणपति मंदिर में सहस्रार्चना

बड़ा गणपति स्थित बड़ा गणपति मंदिर में गणेशोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं। पुजारी धनेश्वर दाधीच ने बताया कि सहस्रार्चना होगी। भक्त दिनभर दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान सतत प्रसाद वितरण किया जाएगा।

नजर आएंगे वक्रतुंड के 108 स्वरूप

जयरामपुर कालोनी में 19 फीट ऊंचे शिवलिंग में 108 गणेश के दर्शन होंगे। इसमें 10 फीट का नंदी भी बनाया जा रहा है। मूर्ति का निर्माण बंगाली कारीगरों द्वारा किया गया है। सार्वजनिक महोत्सव समिति, जयरामपुर कालोनी के सचिव अनिल आगा ने बताया कि प्रदेश में यह पहला मौका है जब भगवान गणेश के अलग-अलग 108 स्वरूपों के दर्शन होंगे। महोत्सव में प्रतिदिन भगवान को छप्पन भोग लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि सामाजिक सरोकार के लिए जरूरतमंदों को राशन फूड पैकेट वितरित किए जाएंगे।

महाकाल मंदिर की प्रतिकृति बनेगी आकर्षण का केंद्र

भैरव गणेश उत्सव समिति द्वारा भोई मोहल्ला में 13 वर्षों से गणेश स्थापना की जा रही है। समिति के भीम गौड़ का कहना है कि इस बार पंडाल को महाकाल लोक की तरह सजाया जा रहा है। यह आकर्षण का केंद्र बनेगा। गणेशजी की स्थापना महाकाल मंदिर की प्रतिकृति में होगा। यहां 20 फीट ऊंची मूर्ति को विराजित किया जाएगा।

देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्नेहलता नवयुवक मंडल द्वारा स्वतंत्रता से पहले से गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। मंडल के शैलेंद्र रघुवंशी का कहना है कि इस बार माटी के 18 फीट ऊंचे गणेश की स्थापना होगी। पर्यावरण संरक्षण की भावना से ईकोफ्रेंडली गणेश की स्थापना की जा रही है। इसमें प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना और आरती होगी।

जयपुर के महल में पालदा के राजा

पालदा के राजा की स्थापना की तैयारी पालदा का राजा गणेशोत्सव समिति द्वारा हर्षोल्लास से की जा रही है। इस बार जयपुर के महल का निर्माण किया जा रहा है। गणेशोत्सव यहां 35 साल से मनाया जा रहा है। इस बार 21 फीट ऊंची मूर्ति विराजित की जाएगी।

नारियल वाले गणेश के लिए स्वर्ण महल सजाया

श्रीफल सिद्धि विनायक गणेशधाम मंदिर जूनी इंदौर में 39वां जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर प्रमुख डा. महेंद्र व्यास ने बताया कि भगवान को स्वर्ण महल में विराजित किया गया। इसके साथ ही 39 दीप लगाकर पूजन हुआ। दिव्य स्वरांजलि कार्यक्रम में भजन गायक पं. पीयूष तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। गणेशोत्सव में प्रतिदिन शाम 7.30 बजे आरती और 8.30 बजे दिव्य स्वरांजलि कार्यक्रम होगा।

पश्चिम बंगाल के बेलूर मठ मंदिर की प्रतिकृति में विराजेंगे नंदानगर के राजा

नंदानगर गोल स्कूल पर गणेश उत्सव में इस बार नंदानगर के राजा पश्चिम बंगाल के बेलूर मठ मंदिर की प्रतिकृति में विराजगे। आयोजक रमेश मेंदोला ने बताया कि बंगाली कलाकारों द्वारा पिछले एक महीने में स्वामी विवेकानंद के बेलूर मठ मंदिर की प्रतिकृति बनाई गई। इसमें नंदानगर के राजा की 15 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित होगी। यह आयोजन का 41वां वर्ष है। प्रतिदिन फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों बच्चे महापुरुषों, देवी-देवताओं का रूप धारण कर आएंगे। प्रतिदिन रात्रि में आरती के बाद भागवत कथा का भी आयोजन होगा।

Views Today: 2

Total Views: 110

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!