अनोखा तीर, सिराली। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के संबध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खिरकिया अशोक कुमार डेहरिया तथा जिला सांख्यिकी अधिकारी किशोरी लाल उर्या, तहसीलदार भरतसिंह माण्डले, मुख्यकार्यपालन अधिकारी नगर परिषद सिराली राहुल शर्मा, प्रभारी सामूदायिक स्वास्थ केन्द्र सिराली डॉ. आरके चौधरी तथा पुलिस विभाग की उपस्थिति में स्वास्थ केन्द्र प्रभारी के बताए अनुसार नगर स्थित कियोस्क सेंटर वर्णिका कम्प्यूटर का निरीक्षण किया गया। उक्त वर्णिका कम्प्यूटर सेंटर के निरीक्षण दौरान फर्जी साफ्टवेयर पाया गया। जिसके माध्यम से दुकान संचालक द्वारा फर्जी प्रमाण-पत्र तैयार किए जा रहे थे। मौके पर उक्त लिंक से फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाकर देखा गया। वर्णिका कम्प्यूटर के संचालक राजेश कोगे द्वारा मौके पर यह स्वीकार किया गया कि उसके द्वारा फर्जी जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए गए है। राजेश कोगे द्वारा यह भी बताया गया कि और भी अन्य कंप्यूटर सेंटर से भी फर्जी जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे है, किन्तु मौके पर अन्य ऐसे कंप्यूटर सेंटर के नाम बताने से इंकार किया गया। वर्णिका कम्प्यूटर सेंटर अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जांच एवं आगामी आदेश तक सील किया गया है।
आधार अपडेट कराने में पढ़ती है जरूरत
जब किसी को अपना आधार अपडेट कराना होता है। ऐसे समय में जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है और जन्म प्रमाण पत्र ना होने की दशा में त्रुटि सुधार नहीं होता। यही वजह है कि कंप्यूटर संचालक जरूरतमंद लोगों को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मनमाने दाम पर बना कर दे देते हैं। जिससे कि आधार अपडेट हो जाता है। इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए ऐसे फर्जी कंप्यूटर संचालकों की जांच की आवश्यकता है। जहां-जहां भी आधार अपडेट हुए हैं और उनमें जो दस्तावेज का उपयोग किया है। अगर उसकी जांच की जाए तो एक बड़ा गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। जानकारी के अनुसार सिराली क्षेत्र में और भी कंप्यूटर सेंटरों में जन्म प्रमाण पत्र फर्जी तरीके से बनाए गए हैं। इसके आधार पर सैकड़ों की संख्या में आधार कार्ड भी फर्जी तरीके से अपडेट किए गए हैं। जिसकी जांच की आवश्यकता है। सूत्रों की माने तो इस मामले में पुलिस का साइबर सेल और प्रशासन की सख्ती से छानबीन हो तो जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर लाखों रुपयों की कालाबाजारी और शासन प्रशासन के साथ की जा रही धोखाधड़ी का खुलासा हो सकता है।
इनका कहना है…
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में कंप्यूटर सेंटर सील किया गया है। जांच की जा रही है। नगर में संचालित अन्य कंप्यूटर सेंटरों की जांच भी कराई जाएगी, जिससे कि पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ सके।
अशोक डेहरिया, अनुविभागीय अधिकारी
Views Today: 2
Total Views: 96