अनोखा तीर, रहटगांव। बीते दिनों रहटगांव थाना क्षेत्र के छिरपुरा में मिला अज्ञात कंकाल 30 से 32 वर्ष के पुरुष का है। प्राथमिक जांच में कंकाल में कहीं भी टूट-फूट या गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। कंकाल की जांच हमीदिया हॉस्पिटल भोपाल के फोरेंसिक एक्सपर्ट सुभाष भतकारिया एवं रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी सौरभ वर्मन द्वारा की गई थी। जल्द ही डीएनए रिपोर्ट आने की संभावना है, जिसके बाद आगामी कार्रवाई तेज हो सकेगी। पुलिस विभाग द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी एकत्र की जा रही है, जिससे डीएनए मैचिंग में मदद मिल सके। थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और कंकाल की पहचान में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि 27 सितंबर रविवार को रहटगांव थाना क्षेत्र के छिरपुरा के पास अजनाल नदी में कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा कंकाल को गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल भेजा गया था, जहां पहचान और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
छिरपुरा में मिले कंकाल की डीएनए रिपोर्ट का इंतजार

0 Views




