अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस हरदा में महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार गौर, प्रशासनिक अधिकारी वी के विछोतिया के निर्देशन में तथा सहायक प्राध्यापक आशा गायकवाड़ एवं बसंत सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश गौर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास उपलब्ध अवसरों की पहचान कर उनका सकारात्मक उपयोग करना चाहिए तथा अपने समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी वी के विछोतिया ने कहा कि युवाओं में ऊर्जा और उत्साह की कोई कमी नहीं होती। इस ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग ही सफलता की ओर ले जाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक नृत्य, क्विज, नुक्कड़ नाटक, रैंप वॉक, गेम्स में दमशराद, पहेलियां, पुशअप सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सागर, नईम नवीन, अनमोल, तनीषा चौहान, अंकिता गायकवाड़, निशु, पलक चौहान, साधना बारैया, राधिका बघेल, अवंतिका तथा समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया गया।
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में फ्रेशर पार्टी का आयोजन

0 Views





