-जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को सौंपा पत्र
-विधायकों के साथ प्रतिनिधिमंडल मिलकर रखेगा जिले की समस्याएं
अनोखा तीर, हरदा। किसानों, शहरी क्षेत्र और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी हरदा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात के लिए समय देने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के साथ प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का अनुरोध किया है। कांग्रेस ने पत्र में किसानों को डीएपी और यूरिया खाद की कमी से हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए ई-टोकन व्यवस्था बंद करने और जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही इस वर्ष बारिश में कमी के कारण फसलों और जलस्तर पर पड़े प्रभाव का हवाला देते हुए हरदा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने एनपीके खाद की कीमतों में हुई वृद्धि को वापस लेकर पूर्व कीमतें बहाल करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा हरदा शहर के बाहर डंपिंग प्लांट स्थापित करने, नगर के 35 वार्डों में नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा गंदे और बदबूदार पानी की समस्या दूर करने की मांग की गई है। पत्र में स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतों का उल्लेख करते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने तथा वन क्षेत्रों में कृषि भूमि के पट्टे प्रदान करने की मांग भी शामिल है। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इन प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की स्थिति रखकर समाधान की मांग करना चाहता है। पत्र में समय नहीं मिलने की स्थिति में कांग्रेस द्वारा विरोध किए जाने की बात भी कही गई है।
खाद, सूखा और पेयजल समेत 7 मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा

0 Views




