-महिलाओं ने जिला पंचायत गेट पर दिया धरना
अनोखा तीर, हरदा। ग्राम कायागांव में अवैध रूप से चल रही शराब बिक्री पर रोक लगाने और गांव में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर करीब दो दर्जन ग्रामीण महिलाओं ने सोमवार को जिला पंचायत परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जिला पंचायत गेट पर धरना देकर शराब की अवैध बिक्री बंद कराने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि गांव में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवार प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन के करीब एक घंटे बाद कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और महिलाओं से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई करने तथा शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। ग्रामीण महिला समोता बाई ने आरोप लगाया कि गांव में करीब पांच लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। उनका कहना है कि शराब की वजह से बड़े-बुजुर्गों के साथ बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। शराब के नशे में पुरुष महिलाओं के साथ मारपीट करते हैं, जिससे कई परिवारों में विवाद की स्थिति बनी रहती है। वहीं महिला मंजू ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उसका पति शराब पीने के बाद उसके साथ मारपीट करता है और कई बार कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश भी कर चुका है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि गांव में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराई जाए और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।







