Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

भोपाल में लिपिकों का प्रदर्शन, हरदा जिले के कर्मचारी भी हुए शामिल

2 min read

-सुरक्षित अनुकम्पा सेवा और मंत्रालय के समान वेतनमान की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ द्वारा अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर 10 अगस्त को भोपाल में सतपुड़ा भवन एवं वल्लभ भवन के सामने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में हरदा जिले से संघ के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के लिपिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हुए। संघ जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में सुरक्षित अनुकम्पा सेवा तथा मंत्रालय के समान वेतनमान एवं ग्रेड-पे शामिल हैं। इन मांगों को लेकर प्रदेशभर से कर्मचारी भोपाल पहुंचे थे।
सीपीसीटी के कारण सेवा से पृथक कर्मचारियों का मुद्दा उठाया
प्रदर्शन के दौरान सीपीसीटी के कारण सेवा से पृथक किए गए लिपिक कर्मचारियों के मामले में मंत्रालय के समक्ष महाशोक सभा आयोजित कर रैली निकाली गई। इसके बाद कर्मचारी वल्लभ भवन पहुंचे और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। संतोष शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित अनुकम्पा सेवा और समान कार्य-समान वेतन लिपिकों का अधिकार है। उनका कहना है कि मंत्रालय एवं राजभवन कार्यालयों में पदस्थ लिपिकों को द्वितीय समयमान में उन्नत वेतनमान एवं ग्रेड-पे का लाभ दिया जा रहा है, जबकि उनके समरूप विभागाध्यक्ष एवं अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत मैदानी लिपिक इससे वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के कारण लिपिक संवर्ग को सम्मानजनक वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त कर्मचारियों को बाद में सेवा से पृथक किए जाने की नीति पर भी सवाल उठाए।
हरदा से बड़ी संख्या में कर्मचारी हुए शामिल
प्रदर्शन में प्रदेश के 55 जिलों के जिला अध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष, प्रांतीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी शामिल हुए। हरदा जिले से पद्माकर हरणे, प्रांतीय सचिव, राहुल परसाई जिला सचिव, कन्हैयालाल सोलंकी, पवन चौरे, सौरभ कुरेशिया, शुभांग पाठक, रवि परचैया, चंद्रपाल सिंह, राकेश साकले, सिबली सिद्दीकी, राजभोर कहार, गब्बर चौहान, आमोद गांगौरे एवं रुपेश गिनारे सहित विभिन्न विभागों के लिपिक कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने आंदोलन में शामिल हुए सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

7 Views

Leave a Reply