अनोखा तीर, रहटगांव। रहटगांव तहसील क्षेत्र के वनांचल क्षेत्र में गौलान समाज उत्थान सेवा संघ द्वारा समाजहित में एक सराहनीय पहल की गई। समाज को फिजूल खर्च से बचाने, समय की बचत करने, लड़ाई-झगड़े की स्थिति से बचने तथा परिवारों को कर्ज में डूबने से रोकने जैसे अनेक बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को ग्राम गोराखाल में वर आनंद/किशोरीलाल की परिणय संध्या/गुरवचन के शुभ विवाह अवसर पर डीजे और घोड़े के स्थान पर पारंपरिक शहनाई बाजे का उपयोग किया गया, जिसने उपस्थित सामाजिक बंधुओं का मन मोह लिया। इस अनूठी पहल की सभी ने खुलकर सराहना की। वर-वधु पक्ष के दोनों परिवारों को सामाजिक नियमों का पूर्ण रूप से पालन कर समाज को नया संदेश देने के लिए सभी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह पहल गौलान समाज के सभी भाइयों के लिए अनुसरणीय संदेश मानी जा रही है, जिसका निश्चित रूप से समाज के अन्य लोग भी पालन करेंगे। इस सराहनीय कार्य के लिए दोनों परिवारों एवं पूरे गौलान समाज का जिला कार्यकारिणी हरदा की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया।

