अनोखा तीर, हरदा। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय करियर मेले के तीसरे दिन विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं और भविष्य की उच्च शिक्षा की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मोटिवेशन गुरु और बाल कल्याण समिति हरदा के सदस्य विक्रमादित्य टांक उपस्थित रहे। सत्र को संबोधित करते हुए श्री टांक ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता के लिए केवल बुद्धिमत्ता ही नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम और सही रणनीति की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे विद्यालय स्तर से ही सामान्य ज्ञान और समसामयिकी पर अपनी पकड़ मजबूत की जा सकती है। कार्यक्रम के दूसरे चरण में संस्था के करियर काउंसलर नितिन सोनी ने उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पारंपरिक पाठ्यक्रमों के अलावा वर्तमान में कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। श्री सोनी ने विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और उनमें प्रवेश परीक्षाओं, छात्रवृत्ति सहित तकनीकी जानकारी भी प्रदान की। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में समय प्रबंधन और एकाग्रता का महत्व, कक्षा 12वीं के बाद सही संकाय और कॉलेज का चयन, तथा डिग्री के साथ-साथ तकनीकी कौशल विकसित करने की आवश्यकता पर भी मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सत्र के अंत में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य टांक ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि लक्ष्य बड़ा रखें और उसे पाने के लिए निरंतरता बनाए रखें।
Views Today: 6
Total Views: 24

